Baal Jhadna Rokne Ke Liye Kya Khaye: आज के समय में बालों का झड़ना और पतला होना महिलाओं के लिए गंभीर चिंता का विषय बन चुका है. कई लोग इसे प्रदूषण, हेयर प्रोडक्ट्स या तनाव से जोड़कर देखते हैं, लेकिन वैज्ञानिकों के अनुसार, बालों की सेहत सिर्फ बाहरी देखभाल पर नहीं, बल्कि शरीर के अंदर मौजूद पोषण पर भी निर्भर करती है. जब शरीर को जरूरी विटामिन और मिनरल्स नहीं मिलते, तो इसका असर सीधे बालों की जड़ों पर पड़ता है, जिससे धीरे-धीरे बाल पतले होने लगते हैं और उनका झड़ना बढ़ जाता है. पोषण की कमी को अगर सही समय पर पहचाना जाए तो ठीक किया जा सकता है. खासतौर पर पीरियड्स, प्रेगनेंसी, इर्रेगुलर खानपान और स्ट्रेस जैसी कंडीशन में शरीर कुछ जरूरी तत्वों की कमी के प्रति ज्यादा सेंसिटिव हो जाता है.
बाल झड़ने के पीछे छुपा अंदरूनी कारण
बालों की समस्या को समझने के लिए शरीर के अंदर चल रही प्रक्रियाओं पर ध्यान देना जरूरी है. जब शरीर को पर्याप्त पोषण नहीं मिलता, तो वह जरूरी अंगों को प्राथमिकता देता है और बालों को कम पोषण मिलने लगता है. यही वजह है कि सबसे पहले बाल कमजोर होकर झड़ने लगते हैं.
ये भी पढ़ें: मैंने 1 महीना रोज सुबह खाए चिया सीड्स, 3 बड़ी दिक्कतें ऐसे गायब हुईं कि मैं खुद हैरान रह गया!
आयरन की कमी है बालों की जड़ों का दुश्मन
सबसे अहम पोषक तत्वों में आयरन का नाम सबसे पहले आता है. शरीर में आयरन की कमी होने पर बालों की जड़ों तक ऑक्सीजन की सप्लाई कम हो जाती है. इससे बालों की ग्रोथ धीमी हो जाती है और झड़ना बढ़ जाता है. कई बार हीमोग्लोबिन सामान्य होने के बावजूद शरीर में फेरिटिन कम होता है, इसलिए इसकी जांच भी जरूरी है.

विटामिन D बालों की ग्रोथ साइकिल का बैलेंस
विटामिन D बालों के ग्रोथ साइकिल को संतुलित रखने में मदद करता है. जो लोग धूप में कम निकलते हैं, उनमें इसकी कमी ज्यादा पाई जाती है. इसकी कमी से नए बालों का उगना धीमा हो सकता है और बाल पतले दिखने लगते हैं.
विटामिन B12 एनर्जी और मजबूती का स्रोत
विटामिन B12 शरीर में लाल रक्त कोशिकाओं के निर्माण और ऊर्जा बनाए रखने में मदद करता है. इसकी कमी से ऑक्सीजन सप्लाई प्रभावित होती है, जिससे बाल कमजोर और बेजान हो जाते हैं. खासकर शाकाहारी लोगों को इस पर विशेष ध्यान देना चाहिए.

जिंक स्कैल्प को रखे हेल्दी
जिंक बालों की जड़ों की मरम्मत, स्कैल्प को स्वस्थ रखने और नई कोशिकाओं के निर्माण में मदद करता है. इसकी कमी से बालों का झड़ना बढ़ सकता है और स्कैल्प में सूखापन या जलन हो सकती है.
प्रोटीन की कमी बालों की कमजोरी की बड़ी वजह
बाल मुख्य रूप से केराटिन नामक प्रोटीन से बने होते हैं. जब शरीर को पर्याप्त प्रोटीन नहीं मिलता, तो बाल कमजोर होकर टूटने लगते हैं और उनकी ग्रोथ धीमी हो जाती है. डाइटिंग या अनियमित खानपान इसका बड़ा कारण बन सकता है.
ये भी पढ़ें: धूप से आते ही सीधा नहा लेते हैं? ये आदत चुपचाप कैसे पहुंचाती है आपके शरीर को नुकसान
बैलेंस डाइट बालों की असली देखभाल
बालों के झड़ने को रोकने के लिए बैलेंस डाइट बेहद जरूरी है. अपनी डाइट में हरी सब्जियां, दालें, फल, सूखे मेवे, दूध, अंडे और पर्याप्त पानी शामिल करें. जरूरत पड़ने पर डॉक्टर की सलाह से सप्लीमेंट लेना भी फायदेमंद हो सकता है.
(अस्वीकरण: सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है. यह किसी भी तरह से योग्य चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें. एनडीटीवी इस जानकारी के लिए ज़िम्मेदारी का दावा नहीं करता है.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं