Is Increasing Age Cause Of Breast Cancer: महिलाओं में ब्रेस्ट कैंसर (Breast Cancer) को लेकर अक्सर यह माना जाता है कि उम्र बढ़ने के साथ इसका खतरा अपने आप बढ़ जाता है. लेकिन अब एक नई रिसर्च ने इस सोच को थोड़ा बदल दिया है. कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी और यूनिवर्सिटी ऑफ ब्रिटिश कोलंबिया के वैज्ञानिकों ने महिलाओं के ब्रेस्ट टिश्यू (Breast Tissue) की अब तक की सबसे डिटेल मैपिंग तैयार की है. यह स्टडी Nature Aging में प्रकाशित हुई है. शोध में 15 से 86 साल की 500 से ज्यादा महिलाओं के टिश्यू सैंपल (Tissue Sample) का अध्ययन किया गया. वैज्ञानिकों का कहना है कि सिर्फ उम्र बढ़ना ही असली वजह नहीं है, बल्कि उम्र के साथ शरीर के अंदर होने वाले बदलाव ज्यादा अहम भूमिका निभाते हैं. खासतौर पर ब्रेस्ट टिश्यू में होने वाले छोटे-छोटे बदलाव कैंसर (Cancer) के लिए रास्ता तैयार कर सकते हैं.
रिसर्च में क्या आया सामने
वैज्ञानिकों ने महिलाओं के ब्रेस्ट टिश्यू पर एक बड़ी स्टडी की. इसमें अलग-अलग उम्र की महिलाओं के टिश्यू का गहराई से विश्लेषण किया गया. इस अध्ययन से यह समझने की कोशिश की गई कि आखिर उम्र के साथ शरीर में ऐसा क्या बदलता है, जिससे कैंसर का खतरा बढ़ने लगता है. शोध में पाया गया कि उम्र बढ़ने के साथ ब्रेस्ट टिश्यू की संरचना बदलने लगती है. कोशिकाओं (Cells) की संख्या धीरे-धीरे कम होने लगती है और उनकी कार्यक्षमता भी प्रभावित होती है.
यह भी पढ़ें- डायबिटीज में गन्ने का जूस पीना सही या जोखिम भरा? जानिए क्या कहते हैं एक्सपर्ट
टिश्यू में बदलाव कैसे बनते हैं खतरा?
विशेषज्ञों के अनुसार, जब टिश्यू में कोशिकाएं कम होती हैं और उनका संतुलन बिगड़ता है, तो शरीर के अंदर का माहौल बदल जाता है. यह बदलाव कैंसर कोशिकाओं के लिए अनुकूल स्थिति बना सकता है. साथ ही, उम्र बढ़ने पर शरीर की मरम्मत करने की क्षमता भी कम हो जाती है. पहले जहां शरीर खराब कोशिकाओं को आसानी से खत्म कर देता था, वहीं बाद में यह प्रक्रिया धीमी पड़ जाती है. इससे म्यूटेशन (Mutation) जमा होने लगते हैं, जो आगे चलकर कैंसर का कारण बन सकते हैं.
युवावस्था और बढ़ती उम्र में अंतर
कम उम्र में शरीर ज्यादा मजबूत होता है और कोशिकाओं की रिपेयर सिस्टम (Repair System) बेहतर काम करता है. यही वजह है कि युवाओं में कैंसर का खतरा अपेक्षाकृत कम होता है. लेकिन जैसे-जैसे उम्र बढ़ती है, यह सुरक्षा तंत्र (Immune System) कमजोर पड़ने लगता है. हालांकि इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि हर बड़ी उम्र की महिला को ब्रेस्ट कैंसर होगा. यह सिर्फ जोखिम के बढ़ने की ओर इशारा करता है.
क्यों है यह रिसर्च अहम?
इस स्टडी से डॉक्टरों को यह समझने में मदद मिलेगी कि ब्रेस्ट कैंसर का खतरा किन कारणों से बढ़ता है. इससे भविष्य में बेहतर जांच और समय रहते इलाज संभव हो सकेगा.
Watch Video: World Cancer Day: कैंसर क्यों होता है? कैसे ठीक होगा? कितने समय में पूरी तरह स्वस्थ हो सकते हैं? | Cancer Treatment
(अस्वीकरण: सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है. यह किसी भी तरह से योग्य चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें. एनडीटीवी इस जानकारी के लिए ज़िम्मेदारी का दावा नहीं करता है.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं