कम उम्र में बालों का सफेद होना आम बात हो गई है. अक्सर लोग इसका कारण तनाव, खराब खानपान या जेनेटिक्स को मानते हैं, लेकिन कुछ मामलों में इसके पीछे शरीर में छिपी कोई स्वास्थ्य समस्या भी हो सकती है. जी हां, बिल्कुल सही सुना आपने. शरीर में कुछ बीमारियाँ और पोषक तत्वों की कमी इस प्रक्रिया को तेज कर सकती हैं. आइए जानते हैं किन स्वास्थ्य समस्याओं की वजह से समय से पहले बाल सफेद हो सकते हैं.
विटामिन बी 12 की कमी
शरीर में विटामिन बी 12 की कमी का असर सिर्फ नसों और खून पर ही नहीं, बल्कि बालों पर भी पड़ सकता है. जब शरीर में विटामिन बी 12 की कमी हो जाती है, तो बाल कमजोर होने लगते हैं और समय से पहले सफेद हो सकते हैं, साथ थकान, कमजोरी और चक्कर आने जैसी समस्याएं भी महसूस हो सकती हैं.
थायरॉइड की समस्या
अगर किसी व्यक्ति को हाइपोथायरॉइडिज्म या हाइपरथायरॉइडिज्म की समस्या है, तो इसका असर बालों की सेहत पर पड़ सकता है, थायरॉइड की गड़बड़ी बालों के झड़ने के साथ-साथ समय से पहले सफेद होने की वजह भी बन सकती है.
एनीमिया
शरीर में आयरन की कमी होने पर एनीमिया की समस्या हो सकती है. इसका असर बालों की जड़ों पर भी पड़ता है। ऐसे में बाल कमजोर, बेजान और समय से पहले सफेद हो सकते हैं.
विटिलिगो
विटिलिगो एक ऐसी बीमारी है जिसमें शरीर के कुछ हिस्सों की त्वचा अपना प्राकृतिक रंग खो देती है. यह समस्या बालों को भी प्रभावित कर सकती है. अगर विटिलिगो सिर की त्वचा पर असर डालता है, तो प्रभावित हिस्से के बाल सफेद हो सकते हैं.
स्ट्रेस
लंबे समय तक तनाव में रहने का असर शरीर और बालों दोनों पर पड़ सकता है. एक रिसर्च में सामने आया है कि लगातार तनाव बालों के प्राकृतिक रंग को प्रभावित कर सकता है और समय से पहले सफेद बालों की समस्या बढ़ा सकता है.
कब डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए?
अगर कम उम्र में अचानक बड़ी संख्या में बाल सफेद होने लगें, बाल झड़ने लगें या इसके साथ कमजोरी, थकान, वजन बढ़ना या घटना जैसी समस्याएं भी महसूस हों, तो डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है.
इसे भी पढ़ें: Vitamin B12 की कमी से हैं परेशान? शाकाहारियों के लिए वरदान है ये 1 चीज, न्यूट्रिशनिस्ट ने बताया नाम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं