Tooth Pain Relief Remedies: अक्सर रात के वक्त अचानक बच्चों के दांत में तेज दर्द शुरू हो जाता है और वे रोने लगते हैं. ऐसे में समझ नहीं आता कि क्या करें. बच्चों की सेहत से जुड़ी हर बात को लेकर माता-पिता परेशान हो जाते हैं. अगर आपके बच्चे के दांत में भी दर्द हो रहा है और तुरंत डॉक्टर के पास जाना मुमकिन नहीं है, तो कुछ आसान घरेलू नुस्खे अपनाकर आप उन्हें तुरंत राहत दिला सकते हैं. आइए जानते हैं कुछ ऐसे ही आसान और सेफ तरीकों के बारे में.
दर्द दर्द से राहत पाने के तरीके-
1. गुनगुने पानी और नमक से कुल्ला-
अगर बच्चा कुल्ला करने की उम्र में है, तो एक गिलास गुनगुने पानी में आधा चम्मच नमक मिलाकर उससे कुल्ला करवाएं. नमक पानी से कुल्ला करने पर मुंह के अंदर मौजूद बैक्टीरिया कम होते हैं, सूजन घटती है और दांतों के बीच फंसा हुआ खाने का कचरा भी बाहर निकल जाता है.

2. ठंडी सिंकाई-
यदि दांत के दर्द के साथ बच्चे के गाल पर हल्की सूजन भी दिखाई दे रही है, तो आइस पैक या बर्फ के कुछ टुकड़ों को किसी साफ कपड़े में लपेटकर गाल के बाहर की तरफ रखें. इसे 10 से 15 मिनट तक गाल पर रखें. ठंडक मिलने से उस जगह की नसों को आराम मिलता है और सूजन कम होती है.
3. दांतों के बीच फंसा खाना साफ करें-
कई बार दांतों के बीच बिस्कुट या खाने का कोई कण फंस जाने की वजह से मसूड़ों में दबाव और तेज दर्द होने लगता है. इसके लिए बहुत ही नरमी से फ्लॉस का इस्तेमाल करके देखें कि क्या कोई चीज फंसी है. इससे बच्चे को तुरंत राहत मिल सकती है.
4. डॉक्टर की सलाह-
अगर दर्द ज्यादा है, तो डॉक्टर या पीडियाट्रिशियन की सलाह से उम्र और वजन के हिसाब से बच्चों वाली पेनकिलर सिरप दी जा सकती है. ध्यान रहे कि बिना डॉक्टर की सलाह के कोई भी दवा न दें और एस्पिरिन की गोली कभी भी सीधे दांत या मसूड़े पर न रखें, इससे मसूड़े जल सकते हैं.
किन बातों का रखें खास ख्याल-
बच्चे को बहुत ज्यादा ठंडी, गर्म या मीठी चीजें खाने को न दें, क्योंकि इससे दर्द और बढ़ सकता है.
दांत या मसूड़े पर सीधे कपूर, पेन बाम या मूव जैसी चीजें बिल्कुल न लगाएं, यह बच्चों के लिए नुकसानदायक हो सकता है.
क्या कहती है रिसर्च-
एएपीडी गाइडलाइन के अनुसार बच्चों के दांत दर्द में पहले दर्द का कारण जानें. बिना डॉक्टर की सलाह दवा न दें. पैरासिटामोल और आईबुप्रोफेन जैसी नॉन-ओपिऑइड दवाएं पहली पसंद हैं. लेकिन डोज डॉक्टर के हिसाब से दें. ओपिऑइड से बचें. कोडीन और ट्रामाडोल 12 साल से कम बच्चों में मना हैं.
ये भी पढ़ें- डायबिटीज मरीज गुड़ खा सकते हैं या नहीं? जानिए सही जवाब
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं