जब छोटे बच्चे के दांत निकलना शुरू होते हैं, तो बच्चा थोड़ा चिड़चिड़ा हो जाता है. पहली बार दांत निकलते समय कुछ बच्चों को बुखार हो जाता है, बेचैनी होने लगती है, इसके साथ ही दांत और मसूड़ों में दर्द भी होने लगता है. ऐसे में पेरेंट्स के मन में एक ही सवाल होता है कि बच्चे को आराम कैसे दिया जाए? इसी को लेकर पीडियाट्रिशियन चंदन कुमार सिंह ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में उन्होंने दांत निकलने के समय बच्चे के मसूड़ों के दर्द और बेचैनी को कम करने के लिए कुछ आसान तरीके बताए हैं. आइए जानते हैं इनके बारे में-
बच्चों के दांत निकलते समय दर्द को कम कैसे करें?
नंबर 1- मसूड़ों की हल्की मालिश करेंपीडियाट्रिशियन कहते हैं, जब छोटे बच्चों के दांत निकलते हैं, तो उस समय उन्हें मसूड़ों में दर्द और भारीपन जैसा महसूस होता है. इससे आराम दिलाने के लिए आप मसूड़ों की हल्की मालिश कर सकते हैं. सबसे पहले अपने हाथ अच्छी तरह धोकर साफ करें. इसके बाद अपनी साफ उंगली से बच्चे के मसूड़ों पर बहुत हल्के हाथ से मालिश करें. मसूड़ों को ज्यादा जोर से न दबाएं. अगर बच्चा परेशान हो या रोने लगे तो मालिश बंद कर दें. हल्के हाथ से की गई मसाज बच्चे को कुछ आराम दे सकती है.
नंबर 2- सिलिकॉन फिंगर मसाजरबच्चे के मसूड़ों को आराम देने के लिए आप सिलिकॉन फिंगर मसाजर का इस्तेमाल भी कर सकते हैं. इस तरह के मसाजर बाजार में आसानी से मिल जाते हैं. आप इन्हें साफ करने के बाद इसे अपनी साफ उंगली में लगाएं और फिर बच्चे के मसूड़ों पर धीरे-धीरे रब करें. इससे भी बच्चे को आराम मिल सकता है.
नंबर 3- ठंडा कपड़ा चबाने के लिए देंअगर बच्चा हाथ से मसाज नहीं करवा रहा है या मसाज कराते समय बच्चा बैचेन होकर रोने लगता है, तो आप दूसरा तरीका आजमा सकते हैं. इसके लिए एक साफ और मुलायम कपड़े को पानी या मां के दूध में भिगोकर फ्रिज में ठंडा होने के लिए रख दें. इसके बाद बच्चे को ये कपड़ा चबाने के लिए दें. इससे भी उसे दर्द से आराम मिल सकता है. बस ध्यान रखें कि कपड़ा अच्छी तरह साफ हो, साथ ही जब बच्चा कपड़ा चबाए तो उसे अकेला न छोड़ें. बच्चे की निगरानी करते रहें.
नंबर 4- ठंडा टीथरपीडियाट्रिशियन कहते हैं, दांत और मसूड़ों के दर्द को कम करने के लिए आप बच्चे को सिलिकॉन या रबर टीथर भी दे सकते हैं. इसे चबाने से भी मसूड़ों की बेचैनी कुछ कम हो सकती है. लेकिन टीथर भी साफ और बच्चे के लिए सुरक्षित होना चाहिए. बहुत ज्यादा ठंडा या जमा हुआ टीथर बच्चे को न दें.
बहुत ज्यादा दर्द हो तो क्या करें?इन सब से एक्सपर्ट कहते हैं, अगर इन तरीकों के बाद भी बच्चा बहुत ज्यादा परेशान है, तो डॉक्टर से बात करें. जरूरत पड़ने पर बच्चे के वजन के हिसाब से पैरासिटामोल दी जा सकती है. लेकिन पैरासिटामोल देने से पहले डॉक्टर से सलाह जरूर लें. डॉक्टर बच्चे के वजन के हिसाब से दवाई की मात्रा बताते हैं, जिससे मासूम को राहत मिल सकती है.
इन बातों का रखें ध्यानपीडियाट्रिशियन कहते हैं, कई पेरेंट्स दांत के दर्द से आराम देने के लिए बच्चे को टीथिंग जेल देने लगते हैं, ऐसा करने से बचें. बच्चे के दांत निकलने पर हर तरह के जेल का इस्तेमाल सही नहीं होता है. खासकर बेंजोकेन (Benzocaine) और लिडोकेन (Lidocaine) वाले टीथिंग जेल बच्चे के लिए बिल्कुल ठीक नहीं होते हैं. इससे अलग बच्चे को टीथिंग नेकलेस भी न पहनाएं.
बच्चे के दांत निकलते समय थोड़ी बहुत परेशानी होना आम बात है. इस दौरान हर बार दवा देने की जरूरत नहीं होती है. इस तरह छोटी-छोटी बातों का ध्यान देकर आप खुद ही बच्चे को आराम दे सकते हैं.
यहां देखें वीडियो-
यह भी पढ़ें- नाक और होंठों के आसपास से काली पड़ रही है त्वचा? एक्सपर्ट ने बताया क्या करने से साफ होगी स्किन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं