पानी को सेहत के लिए कितना फायदेमंद माना जाता है ये हम सब बचपन से सुनते आ रहे हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि गलत तरीके से पानी पीने से भी पेट में गैस बन सकती है? देश के जाने-माने गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट डॉ. एस.के. सरीन ने हाल ही में एक इंटरव्यू में इस बात की सच्चाई बताई है जिसे सुनकर आप हैरान हो सकते हैं. जी हां बिल्कुल सही सुना. उन्होंने बताया कि पानी से भी गैस बनती है, अगर आप उसे गलत तरीके से पी रहे हैं.
क्या है डॉ. सरीन का कहना-
डॉ. सरीन के मुताबिक, आजकल लोगों को एक नई आदत लग गई है. हर 5-10 मिनट में बोतल से एक-दो घूंट पानी पीना. उन्हें लगता है कि वो शरीर को हाइड्रेट रख रहे हैं, लेकिन असल में वो अपने पेट में हवा भर रहे हैं. उन्होंने समझाया कि जब हम एक छोटा सा घूंट लेते हैं, तो पानी के साथ-साथ 30 से 50 ml हवा भी अंदर चली जाती है. दिन भर में अगर आप 20-30 बार ऐसे छोटे-छोटे घूंट पिएंगे, तो पेट में बहुत सारी हवा जमा हो जाएगी. यही हवा बाद में पेट फूलने, डकार आने और सिर भारी होने की वजह बनती है. इसीलिए कई लोग कहते हैं कि गैस दिमाग में चढ़ गई, सिर में चढ़ गई. असल में गैस दिमाग में नहीं चढ़ती, ये पेट में भरी हुई हवा ही है जो ऊपर की तरफ दबाव बनाती है.

बार-बार पानी पीने से गैस कैसे बनती है?
जब आप एक गिलास पानी एक साथ पीते हैं, तो पानी सीधे पेट में जाता है. लेकिन जब आप बार-बार एक-एक घूंट पीते हैं, तो हर घूंट के साथ आप मुंह से हवा भी निगल लेते हैं. इसे डॉक्टर की भाषा में एयरोफेजिया कहते हैं. ये हवा पेट और आंतों में फंस जाती है. इससे पेट फूल जाता है, डकार आती है और कई बार सीने में भी जलन जैसा लगता है. डॉ. सरीन ने ये भी कहा कि कई लोग टेंशन में बार-बार पानी पीते हैं. टेंशन कम करने के लिए दिमाग को कोई काम चाहिए होता है, तो वो बार-बार बोतल उठा लेता है. इससे टेंशन तो कम नहीं होती, लेकिन गैस जरूर बढ़ जाती है.
क्या है पानी पीने का सही तरीका-
- एक साथ पिएं- जब भी प्यास लगे, तो बैठकर एक बार में एक पूरा गिलास पानी पिएं. एक-एक घूंट करके दिन भर बोतल से चिपके मत रहिए.
- बैठकर पिएं- खड़े-खड़े या चलते-फिरते पानी पीने से भी हवा ज्यादा अंदर जाती है. आराम से बैठकर, धीरे-धीरे पानी पिएं.
- बोतल को मुंह से सटाकर न पिएं- कई लोग बोतल को मुंह से लगाकर घूंट-घूंट पीते हैं. इससे हवा और ज्यादा अंदर जाती है. गिलास से पीना सबसे अच्छा है.
- प्यास लगने पर ही पिएं- जबरदस्ती 4-5 लीटर पानी पीने की जरूरत नहीं है. जब प्यास लगे, तभी पिएं. पेशाब का रंग हल्का पीला है, तो समझिए पानी पर्याप्त है.
ये भी पढ़ें- बीपी कैसे कंट्रोल करें? BP की देसी दवा क्या है, जानिए यहां
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं