खाना खाने के बाद सीने में जलन, गले तक खट्टा पानी आना और बार-बार डकार आना, ये सब एसिड रिफ्लक्स के लक्षण हैं. कई बार ये परेशानी इतनी बढ़ जाती है कि रात को नींद भी नहीं आती. कई लोग इस समस्या से बचने के लिए गैस की गोली खा लेते हैं. लेकिन दिक्कत वही रहती है. असल में इस जलन को शांत करने के लिए दवा से ज्यादा काम आपके किचन में रखे ड्रिंक्स करते हैं. तो चलिए जानते हैं ऐसे ही ड्रिंक्स के बारे जो सीने में जलन और खट्टी डकार कम कर सकते हैं.
सीने में जलन क्यों होती है?
हमारे पेट में खाना पचाने के लिए एसिड बनता है. जब ये एसिड पेट से ऊपर गले की तरफ आने लगता है, तो सीने में जलन होने लगती है. इसे ही एसिड रिफ्लक्स कहते हैं. इसकी सबसे बड़ी वजह है गलत खाना. ज्यादा तला-भुना, मसालेदार खाना, देर रात खाना, खाना खाते ही लेट जाना और चाय-कॉफी ज्यादा पीना. तनाव और खाली पेट रहने से भी ये दिक्कत बढ़ जाती है.

सीने की जलन और खट्टी डकार के लिए क्या पिएं-
1.दूध और छाछ-
सीने की जलन के लिए सबसे पुराना और असरदार नुस्खा है ठंडा दूध. जलन होने पर 1 गिलास ठंडा दूध धीरे-धीरे पिएं. ये पेट के एसिड को शांत करता है और सीने की जलन में तुरंत आराम देता है. लेकिन ध्यान रखें, दूध में चीनी या हल्दी मत डालें. दूध से भी अच्छा है छाछ. खाने के बाद 1 गिलास पतली छाछ में थोड़ा सा भुना जीरा और काला नमक डालकर पिएं. ये खाना भी पचा देगी और खट्टी डकार भी नहीं आएगी.
2. सौंफ और जीरे का पानी-
खाना खाने के बाद सौंफ खाना हमारी दादी-नानी की आदत थी, और वो आदत बिल्कुल सही थी. 1 चम्मच सौंफ को 1 गिलास पानी में उबालकर छान लें. गुनगुना होने पर पिएं. ये गैस और जलन दोनों में आराम देता है. इसी तरह 1 चम्मच जीरा भूनकर पानी में उबालकर पीने से भी एसिड रिफ्लक्स शांत हो सकता है.
3. एलोवेरा जूस और नारियल पानी-
एलोवेरा सिर्फ स्किन के लिए नहीं, पेट के लिए भी बहुत अच्छा माना जाता है. 2 चम्मच एलोवेरा जूस को 1 गिलास पानी में मिलाकर खाना खाने से 30 मिनट पहले पिएं. ये पेट की अंदरूनी जलन को ठंडा करता है. नारियल पानी भी एसिडिटी में बहुत फायदा करता है. ये पेट के एसिड को न्यूट्रल करता है और शरीर को ठंडक देता है. रोज 1 नारियल पानी पीने से खट्टी डकार की समस्या धीरे-धीरे खत्म हो जाती है. लेकिन बाजार वाला पैकेट वाला नारियल पानी मत पिएं, ताजा वाला ही पिएं.
ये भी पढ़ें- सिर्फ फेफड़े नहीं, प्रदूषित हवा बढ़ा सकती है टाइप-2 डायबिटीज का जोखिम, रिसर्च में सामने आई चौंकाने वाली बात
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं