छठ पूजा आते ही दिल्ली में रहने वाले बिहार-यूपी के लोगों के चेहरे पर अलग ही रौनक आ जाती है. साल भर का इंतजार, फिर वही घाट, वही सूप, वही ठेकुआ की खुशबू और वही डूबते-उगते सूरज को अर्घ्य. लेकिन इस बार दिल्ली में छठ थोड़ा अलग है. एक तरफ ठंड बढ़ रही है, दूसरी तरफ प्रदूषण. सुबह-सुबह घाट पर धुंध और जहरीली हवा, ऐसे में व्रत करने वालों को थोड़ा ज्यादा ध्यान रखने की जरूरत है.
छठ महापर्व आस्था का पर्व है, लेकिन आस्था के साथ सेहत का ध्यान रखना भी उतना ही जरूरी है. क्योंकि जरा सी लापरवाही से आपकी तबीयत बिगड़ सकती है और पूरा व्रत खराब हो सकता है. तो चलिए जानते हैं आपको किन बातों का रखना चाहिए खास ख्याल.
दिल्ली की जहरीली हवा से कैसे बचें?
दिल्ली में छठ के समय सबसे बड़ी दिक्कत होती है प्रदूषण. सुबह अर्घ्य के समय हवा में स्मॉग सबसे ज्यादा होता है. जो लोग अस्थमा, खांसी या सांस की बीमारी से परेशान हैं, उन्हें घाट पर ज्यादा देर तक नहीं रहना चाहिए. घाट पर जाते वक्त N95 मास्क जरूर पहनें. क्योंकि साधारण कपड़े वाला मास्क प्रदूषण से नहीं बचाएगा. व्रत करने वाली महिलाओं को घाट पर पानी में ज्यादा देर तक खड़े रहने से बचना चाहिए, क्योंकि ठंडी हवा के साथ प्रदूषण सीधे फेफड़ों पर असर करता है. घर आकर गुनगुने पानी से गरारे जरूर करें और अदरक-तुलसी की चाय पीएं. बच्चों और बुजुर्गों को अगर सांस की दिक्कत है, तो उन्हें घाट पर ले जाने से बचें. वो घर पर ही रहकर पूजा कर सकते हैं.

ठंडे पानी में देर तक खड़े रहने से क्या होगा?
छठ में सबसे कठिन काम है कमर तक ठंडे पानी में खड़े होकर अर्घ्य देना. दिल्ली में इस बार ठंड पहले से ही ज्यादा है. यमुना का पानी भी बहुत ठंडा हो जाता है. ज्यादा देर पानी में रहने से पैर सुन्न हो जाते हैं, ब्लड प्रेशर बढ़ सकता है और सर्दी-जुकाम भी हो सकता है. इसलिए पानी में उतरने से पहले पैरों में सरसों का तेल लगा लें. इससे ठंड कम लगेगी. पानी में ज्यादा देर तक न खड़े रहें, अर्घ्य देकर तुरंत बाहर आ जाएं. बाहर आकर तुरंत सूखे कपड़े पहन लें और पैरों को अच्छे से पोंछ लें. गीले कपड़ों में देर तक रहने से निमोनिया तक हो सकता है. जिन लोगों को दिल की बीमारी, हाई बीपी या शुगर है, उन्हें पानी में ज्यादा देर नहीं रहना चाहिए.
36 घंटे के निर्जला व्रत में क्या ध्यान रखें?
छठ का व्रत 36 घंटे का निर्जला व्रत होता है, बिना पानी के. ये व्रत शरीर के लिए सबसे कठिन होता है. ऐसे में व्रत शुरू करने से पहले यानी नहाय-खाय और खरना के दिन अच्छे से खाना-पीना बहुत जरूरी है. खरना के दिन गुड़ की खीर खाने के बाद शरीर में पानी की कमी न हो, इसके लिए उसके पहले दिन से ही नारियल पानी, नींबू पानी और फल ज्यादा लें. व्रत के दौरान धूप में ज्यादा न घूमें. ज्यादा काम करने से शरीर में पानी और कम हो जाएगा. व्रत खोलते वक्त एकदम से ठंडा पानी या ज्यादा खाना न खाएं.
घाट पर संक्रमण से कैसे बचें?
दिल्ली के घाटों पर भीड़ बहुत होती है. यमुना के पानी में इस समय प्रदूषण भी ज्यादा होता है. इसलिए घाट का पानी आंख, नाक या मुंह में न जाए, इसका ध्यान रखें. अगर आपके पैर में कोई कट या घाव है, तो पानी में न उतरें. इससे इन्फेक्शन फैल सकता है. साथ में पानी की बोतल, सूखा तौलिया और दवाइयां जरूर रखें.
ये भी पढ़ें- अस्थमा के मरीज छठ घाट पर जरूर बरतें ये खास सावधानियां, बढ़ते प्रदूषण के बीच ऐसे करें छठ पूजा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं