विज्ञापन

हरियाणा के इस गांव में खड़ी हुई 'ड्रोन सिटी', आज उद्घाटन; देश की 23 बड़ी कंपनियां यहीं बनाएंगी 'उड़ने वाले जहाज'

80 करोड़ रुपये के इस मेगा प्रोजेक्ट के तहत 11.5 एकड़ में बने 23 इंडस्ट्रियल शेड्स में देश की बड़ी कंपनियां आधुनिक ड्रोन बनाएंगी. इस प्रोजेक्ट से राज्य के 800 से ज्यादा युवाओं को रोजगार मिलेगा, जिसमें 500 SC युवाओं को मुफ्त में 'ड्रोन पायलट' और उद्यमी बनाया जाएगा. पढ़ें पूरी रिपोर्ट...

हरियाणा के इस गांव में खड़ी हुई 'ड्रोन सिटी', आज उद्घाटन; देश की 23 बड़ी कंपनियां यहीं बनाएंगी 'उड़ने वाले जहाज'
हरियाणा के 500 SC युवाओं को सीधे 'ड्रोन पायलट' और मालिक बनाएगी सरकार; हिसार के इस मेगा प्रोजेक्ट का आज होगा शंखनाद. (सांकेतिक तस्वीर)
IANS

Hansi News: गुरुग्राम और फरीदाबाद जैसे बड़े हाईटेक शहरों को भूल जाइए, क्योंकि अब भविष्य की सबसे आधुनिक तकनीक का गढ़ हरियाणा का एक छोटा सा गांव बनने जा रहा है. हरियाणा के हिसार जिले के सिसाय गांव में आज (16 मई) विकास का एक ऐसा 'जहाज' उड़ान भरने जा रहा है, जिसकी कल्पना किसी ने नहीं की थी. यहां करीब 11.5 एकड़ जमीन पर देश की सबसे अनोखी 'ड्रोन सिटी' (Drone City Haryana) बनकर तैयार हो चुकी है, जिसका आज भव्य उद्घाटन होने जा रहा है. इस मेगा प्रोजेक्ट के शुरू होते ही न सिर्फ हरियाणा बल्कि देश के विमानन और कृषि क्षेत्र में एक नया इतिहास रच जाएगा.

80 करोड़ का बजट

इस प्रोजेक्ट की भव्यता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसे बनाने में 80 करोड़ रुपये की भारी-भरकम राशि का निवेश किया जा रहा है. इसमें से 58.51 करोड़ रुपये का इंसेंटिव सहयोग खुद हरियाणा सरकार ने अपनी उद्यम एवं रोजगार नीति-2020 के तहत दिया है.

इस पूरी ड्रोन सिटी में 23 बड़े इंडस्ट्रियल शेड्स बनाए गए हैं. इसका सीधा मतलब यह है कि देश भर की 23 बड़ी ड्रोन निर्माता और कंपोनेंट कंपनियां अब गुरुग्राम के आलीशान दफ्तरों को छोड़कर हिसार के इस गांव में डेरा डालेंगी. यहीं पर इन आधुनिक 'उड़ने वाले जहाजों' (Drone) की मैन्युफैक्चरिंग, रिसर्च, टेस्टिंग और असेंबलिंग की जाएगी.

800 युवाओं को फायदा

यह प्रोजेक्ट हरियाणा के बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार का सबसे बड़ा जैकपॉट है. इस ड्रोन सिटी के जरिए हरियाणा के 800 से ज्यादा युवाओं को सीधे नौकरी और स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे.

यहां '500 ड्रोन उद्यमी योजना' के तहत विशेष रूप से अनुसूचित जाति (SC) के 500 युवाओं को मुफ्त ट्रेनिंग देकर उन्हें सीधे ड्रोन पायलट, टेक्नीशियन और एग्री-ड्रोन सर्विस प्रोवाइडर (मालिक) बनाया जाएगा. यानी कल तक जो युवा रोजगार की तलाश में थे, वे अब खेतों में ड्रोन उड़ाकर पैसा कमाएंगे.

कैसा होगा यहां का इकोसिस्टम?

इस 11.5 एकड़ के हब में सिर्फ खेती वाले ड्रोन (Agri-Drones) ही नहीं, बल्कि सामान ढोने वाले (Logistics), निगरानी करने वाले (Surveillance) और सेना व उद्योगों में काम आने वाले एडवांस UAV (अनमैन्ड एरियल व्हीकल) सिस्टम भी तैयार किए जाएंगे. इसके लिए यहां स्पेशल टेस्टिंग जोन और आरएंडडी (R&D) लैब्स बनाई गई हैं.

आज कैबिनेट मंत्री करेंगे उद्घाटन

इस ड्रीम प्रोजेक्ट की आधारशिला पिछले साल 8 सितंबर 2025 को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रखी थी, जो आज हकीकत बनकर जमीन पर उतर चुकी है. 16 मई को हरियाणा के कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी इस 'ड्रोन सिटी' के पहले फेज का उद्घाटन करेंगे. इस दौरान पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु समेत सरकार और उद्योग जगत के कई दिग्गज अधिकारी मौजूद रहेंगे.

ये भी पढ़ें:- पेट्रोल-डीजल पर एक और बड़ा फैसला, पेट्रोल पर एक्सपोर्ट ड्यूटी बढ़ी, डीजल, एटीएफ पर घटी

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com