विज्ञापन

बस के ऑटोमैटिक डोर में फंसी गर्दन; 7 साल के बच्चे की दर्दनाक मौत, मंदिर में प्रसाद लेने निकला था मासूम

गुजरात के वडोदरा में सात वर्षीय दिव्येश की मौत उस समय हो गई, जब उसकी गर्दन कथित रूप से एक लग्जरी बस के ऑटोमैटिक दरवाजे में फंस गई. पुलिस जांच के दौरान घटना के महत्वपूर्ण 15 मिनट का CCTV फुटेज गायब मिला है.

बस के ऑटोमैटिक डोर में फंसी गर्दन;  7 साल के बच्चे की दर्दनाक मौत, मंदिर में प्रसाद लेने निकला था मासूम
वडोदरा में बस के दरवाजे में फंसकर 7 साल के बच्चे की मौत
वडोदरा:

वडोदरा के सूर्यनगर-तर्साली बाइपास और धन्यावी रोड के बीच स्थित एक बस रिपेयरिंग परिसर में सात वर्षीय दिव्येश की मौत ने सभी को स्तब्ध कर दिया है. दूसरी कक्षा में पढ़ने वाला दिव्येश स्कूल से लौटने के बाद घर से प्रसाद लेने जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन कुछ ही देर बाद उसके साथ दर्दनाक हादसा हो गया. आरोप है कि परिसर में खड़ी एक लग्जरी बस के ऑटोमैटिक दरवाजे में उसकी गर्दन फंस गई. गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. पुलिस अब मौत की परिस्थितियों और घटना के पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है.

प्रसाद लेने निकला था दिव्येश

जानकारी के अनुसार दिव्येश तर्साली-2 स्थित डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राइमरी स्कूल में दूसरी कक्षा का छात्र था. उसके पिता राकेशभाई राठवा सूर्यनगर के निकट स्थित एसआर बायोगैस कंपनी में कार्यरत हैं. परिजनों ने बताया कि स्कूल से लौटने के बाद दिव्येश घर से प्रसाद लेने के लिए निकला था. कुछ समय बाद जब वह वापस नहीं लौटा तो परिवार उसकी तलाश करने लगा. इसी दौरान उन्हें एक बच्चे के साथ हादसा होने की सूचना मिली.

Vadodara Bus Incident: मासूम की मौत

Vadodara Bus Incident: मासूम की मौत

बस के दरवाजे के पास मिला बच्चा

परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे, जहां दिव्येश बस के दरवाजे के पास गंभीर हालत में पड़ा मिला. आसपास मौजूद लोगों की मदद से उसे 108 एंबुलेंस के जरिए वडोदरा के एसएसजी अस्पताल पहुंचाया गया. अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही कपुराई पुलिस मौके और अस्पताल पहुंच गई.

जांच में सीसीटीवी बना अहम कड़ी

पुलिस ने पंचनामा और अन्य कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है. जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई. पुलिस को घटना से पहले और बाद का वीडियो तो मिला, लेकिन जिस समय हादसा हुआ, उस दौरान के लगभग 15 मिनट का फुटेज उपलब्ध नहीं मिला.

15 मिनट का फुटेज गायब, उठे सवाल

जांच के दौरान सामने आया कि घटना के महत्वपूर्ण समय का सीसीटीवी रिकॉर्ड गायब है. शुरुआती तौर पर बिजली गुल होने को इसकी वजह माना जा रहा है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है. फुटेज नहीं मिलने के कारण यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा कि आखिर बच्चे की गर्दन बस के ऑटोमैटिक दरवाजे में कैसे फंसी और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ.

यह भी पढ़ें : सास ने कराया बहू का मर्डर; मुंबई में नौकरानी के परिवार दी सुपारी, बाथरूम में गिरने के दावा झूठा निकला

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Vadodara, Gujarat, India, BUS Accident, Child Death
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com