विज्ञापन
This Article is From Aug 17, 2017

शंकर सिंह वाघेला ने BJP नेताओं की मौजूदगी में दिया गुजरात विधानसभा से इस्तीफा

कांग्रेस के पूर्व नेता शंकरसिंह वाघेला ने बुधवार को गुजरात विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया.

शंकर सिंह वाघेला ने BJP नेताओं की मौजूदगी में दिया गुजरात विधानसभा से इस्तीफा
शंकर सिंह वाघेला की फाइल तस्वीर
अहमदाबाद: कांग्रेस के पूर्व नेता शंकरसिंह वाघेला ने बुधवार को गुजरात विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया. इस दौरान उनके साथ गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपानी और कई वरिष्ठ मंत्री मौजूद थे. वाघेला के इस्तीफा देने के समय बीजेपी के बड़े नेताओं की मौजूदगी से उनके इस साल राज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी में वापसी के बारे में अटकलें शुरू हो गई. हालांकि वाघेला ने इस बात पर जोर दिया कि वह बीजेपी में शामिल नहीं होंगे. गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री वाघेला दो दशक पहले बीजेपी छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए थे.

मुख्यमंत्री रूपानी ने कहा, 'वाघेला के इस्तीफे के बाद गुजरात में कांग्रेस की रीढ़ टूट गई है. वह कल्पना से परे कमजोर हो गई है और बीजेपी को इससे निश्चित रूप से लाभ होगा.' हालांकि उन्होंने भी बीजेपी में वाघेला की वापसी करने की संभावना के बारे में कुछ नहीं कहा. उन्होंने कहा कि बीजेपी के शीर्ष नेता एवं मंत्री इसलिए मौजूद थे, क्योंकि एक वरिष्ठ विधायक अपना इस्तीफा दे रहे थे.

यह भी पढ़ें: CBI के दबाव में काम नहीं किया, गुजरात कांग्रेस प्रभारी माफी मांगे : शंकर सिंह वाघेला

वाघेला ने विधानसभाध्यक्ष रमनलाल वोरा को अपना इस्तीफा सौंपा. मुख्यमंत्री रुपानी, उप मुख्यमंत्री नितिन पटेल और बीजेपी के वरिष्ठ मंत्रियों- भूपेंद्रसिंह चूडास्मा और प्रदीपसिंह जडेजा की मौजूदगी से उनके बीजेपी में शामिल होने के बारे में नई अटकलें शुरू हो गईं. हालांकि 77-वर्षीय वाघेला का लगातार यही कहना था कि वह किसी राजनीतिक पार्टी में शामिल नहीं होंगे.

VIDEO : वाघेला बोले, मैंने नहीं दिया अहमद पटेल को वोट
वाघेला ने पत्रकारों से कहा, 'मैं कुछ समय से विधायक के तौर पर इस्तीफा देने की सोच रहा था. मैंने अपने विधानसभा क्षेत्र कपड़वंज के लोगों के साथ एक बैठक की थी और उन्हें सूचित करने के बाद मैंने विधायक पद से इस्तीफा दे दिया.' वाघेला ने 21 जुलाई को अपने 77वें जन्मदिन पर कांग्रेस से संबंध तोड़ लिए थे और विपक्ष के नेता के तौर पर भी इस्तीफा दे दिया था. उन्होंने हालांकि विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा नहीं दिया था.
(इनपुट भाषा से)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com