विज्ञापन

FIFA World Cup 2026: 'वर्ल्ड कप फिक्स्ड है', गोल हुआ रद्द, फैसले पर भड़के मिस्र के फॉरवर्ड मोस्तफा जिको ने लगाए गंभीर आरोप

Argentina vs Egypt, FIFA World Cup 2026: मिस्र ने मिले मौकों का पूरा फायदा उठाया और यासर इब्राहिम ने 15वें मिनट में खाता खोला, जबकि 62वें मिनट में मुस्तफा जिको ने दूसरा गोल दागकर अर्जेंटीना पर दबाव और बढ़ा दिया था.

FIFA World Cup 2026: 'वर्ल्ड कप फिक्स्ड है', गोल हुआ रद्द, फैसले पर भड़के मिस्र के फॉरवर्ड मोस्तफा जिको ने लगाए गंभीर आरोप
Argentina vs Egypt, FIFA World Cup 2026: 

Argentina vs Egypt, FIFA World Cup 2026: फीफा वर्ल्ड कप 2026 के राउंड ऑफ 16 में अर्जेंटीना और मिस्र के बीच खेला गया मुकाबला कई उतार-चढ़ाव से भरा रहा. मिस्र ने दो गोल की बढ़त बनाकर मौजूदा चैंपियन को मुश्किल में डाल दिया था, लेकिन अर्जेंटीना ने आखिरी पलों में शानदार वापसी करते हुए 3-2 से जीत हासिल कर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली. इस मुकाबले में सिर्फ गोल ही चर्चा का विषय नहीं रहे. लियोनेल मेसी का पेनल्टी मिस करना, VAR (वीडियो असिस्टेंट रेफरी) के जरिए मिस्र का एक गोल रद्द होना और पेनल्टी अपील खारिज किए जाने के फैसले ने भी काफी सुर्खियां बटोरीं.

गोल रद्द होने पर भड़के जिको

मिस्र के फॉरवर्ड मोस्तफा जिको ने मैच के बाद रेफरी के फैसलों पर नाराजगी जाहिर की. करीब 60वें मिनट में उन्होंने मिस्र के लिए दूसरा गोल किया था, जिससे टीम की बढ़त मजबूत हो गई थी, लेकिन VAR जांच के बाद उस गोल को रद्द कर दिया गया. वीडियो रिव्यू में पाया गया कि गोल से पहले हेसम हसन ने अर्जेंटीना के डिफेंडर लिसेंड्रो मार्टिनेज के खिलाफ फाउल किया था. इसी वजह से रेफरी फ्रांस्वा लेटेक्सियर ने गोल को मान्यता नहीं दी.

रेफरी पर लगाए गंभीर आरोप

मिस्र की हार के बाद ज़िको ने रेफरी के फैसलों पर अपनी नाराजगी खुलकर जाहिर की. उन्होंने कहा कि फैसले निष्पक्ष नहीं रहे और उनकी टीम की मेहनत को नुकसान पहुंचा. इटैलियन पत्रकार फैब्रिजियो रोमानो के अनुसार, जिको ने कहा, "रेफरी निष्पक्ष नहीं हैं. मेरे लिए ईश्वर ही काफी हैं और वही सबसे अच्छा फैसला करते हैं. वह पूरे देश की मेहनत बर्बाद कर रहे हैं."

उन्होंने आगे कहा, "कप अर्जेंटीना को दिया जा रहा है. वे ही वर्ल्ड कप जीतेंगे. यह सही नहीं है. यह अन्याय है, साफ और स्पष्ट अन्याय. शुरुआत से ही वह हमारे खिलाफ थे. हमें अर्जेंटीना के खिलाफ 2-0 से जीतने की इजाजत नहीं है. टूर्नामेंट फिक्स्ड है."

एक समय हार के करीब था अर्जेंटीना

मुकाबले के ज्यादातर हिस्से में ऐसा लग रहा था कि 39 साल के लियोनेल मेसी का वर्ल्ड कप सफर यहीं खत्म हो सकता है. यह उनके करियर का छठा और संभवत: आखिरी वर्ल्ड कप हो सकता है. मिस्र के लिए यासर इब्राहिम और मोस्तफा ज़िको ने दोनों हाफ में गोल किए थे. वहीं, VAR से रद्द हुआ गोल अगर मान्य हो जाता तो मिस्र 3-0 की बढ़त भी बना सकता था. अर्जेंटीना लगातार दो वर्ल्ड कप खिताब जीतने वाली ब्राजील के बाद पहली टीम बनने के अपने लक्ष्य से दूर जाता दिख रहा था.

मेसी ने कराई वापसी, एंजो ने दिलाई जीत

मैच के 79वें मिनट में क्रिस्टियन रोमेरो ने हेडर के जरिए गोल कर अर्जेंटीना की वापसी शुरू की. इसके चार मिनट बाद मेसी ने शानदार गोल करते हुए स्कोर 2-2 कर दिया. यह गोल मेसी का इस टूर्नामेंट में आठवां और वर्ल्ड कप इतिहास में 21वां गोल था, जो एक रिकॉर्ड है. इसके बाद इंजरी टाइम में एंजो फर्नांडीज ने निर्णायक गोल दागकर अर्जेंटीना की जीत पक्की कर दी. मैच खत्म होने के बाद मेसी भावुक नजर आए और उनकी आंखों में आंसू थे. मुश्किल हालात से निकलकर मिली इस जीत ने अर्जेंटीना को टूर्नामेंट में आगे बढ़ा दिया है.

(AP इनपुट के साथ)

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
2026 FIFA World Cup, Football
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com