फीफा वर्ल्ड कप के फाइनल में स्पेन ने अर्जेंटीना को 1-0 से मात देकर फीफा वर्ल्ड कप 2026 का खिताब अपने नाम किया. यह स्पेन का दूसरा और 2010 के बाद विश्व कप खिताब है. स्पेन के वर्ल्ड चैंपियन बनने के बाद खिलाड़ियों का स्वदेश लौटने पर भव्य स्वागत किया गया. वहीं अब स्पेन में टीम की इस उपलब्धि का जश्न मनाते हुए स्पेन की सरकारी डाक और कूरियर सर्विस 'कोरेओस' ने अपनी टीम को सम्मान देते हुए एक खास यादगार डाक टिकट जारी किया.
इस डाक टिकट में लाल बैकग्राउंड पर राष्ट्रीय टीम का बैज बना है, जो उनकी होम जर्सी के रंग से मेल खाता है. इस डाक टिकट पर 'दो स्टार' बने हैं, जो देश के दो वर्ल्ड कप खिताबों (2010 और 2026) को दर्शाते हैं. कोरेओस ने एक बयान में कहा,"कोरेओस इस डाक टिकट के जरिए देश की सामूहिक स्मृतियों में दर्ज इस ऐतिहासिक पल को हमेशा के लिए संजोकर रखना चाहता है. यह यादगार डाक टिकट एक बार फिर वर्ल्ड चैंपियन बनने पर पूरे देश के गर्व का प्रतीक है."
कोरेओस ने आगे कहा,"साथ ही यह 2010 में विश्व विजेता बनी टीम और 2026 में फिर से वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम के बीच एक भावनात्मक सेतु का भी काम करता है. एक दशक से अधिक समय के अंतराल पर हासिल की गई ये दोनों ऐतिहासिक उपलब्धियां प्रतिभा, समर्पण, प्रतिबद्धता और टीम भावना जैसे समान मूल्यों से जुड़ी हुई हैं."
यह पहल उन खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ और फैंस को सम्मान देती है जिन्होंने उस सफर में स्पेन का साथ दिया जो अब विश्व खेल इतिहास का हिस्सा बन चुका है. स्पेन ने साल 2010 में पहली बार फीफा वर्ल्ड कप खिताब अपने नाम किया था. इसके करीब 16 साल बाद 'ला रोजा' (स्पेनिश टीम) ने साल 2022 की चैंपियन अर्जेंटीना को मात देकर अपने क्रेस्ट (प्रतीक) में दूसरा स्टार जोड़ा.
इस रोमांचक मुकाबले में रेगुलर समय खत्म होने तक कोई गोल नहीं हो सका था, जिसके बाद स्पेन ने 'एक्स्ट्रा टाइम' में मैच का एकमात्र गोल दागकर खिताबी मैच अपने नाम किया.
वर्ल्ड कप जीतने के बाद स्पेन की टीम सोमवार दोपहर मैड्रिड लौटी. मैड्रिड लौटने पर वर्ल्ड कप चैंपियन टीम ने किंग फिलिप षष्टम, क्वीन लेटिजिया और उनकी बेटियों, प्रिंसेस लियोनोर और प्रिंसेस सोफिया से मुलाकात की. शाही परिवार ने टीम के टैलेंट, दृढ़ संकल्प और ऐतिहासिक उपलब्धि की सराहना की.
यह भी पढ़ें:
यह भी पढ़ें:
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं