बेल्जियम क्वार्टर फाइनल में स्पेन से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गया. स्पेन के खिलाफ क्वार्टर फाइनल में हार के साथ केविन डी ब्रुयने का वर्ल्ड कप अभियान खत्म हो गया. पूरे देश में हार की चर्चा थी. लेकिन मैच खत्म होने के कुछ ही घंटों बाद सोशल मीडिया पर एक अलग कहानी ट्रेंड करने लगी. सोशल मीडिया पर केविन डी ब्रुयने किसी गोल या रिकॉर्ड की वजह से नहीं, बल्कि अपनी 12 साल पुरानी लव स्टोरी की वजह से ट्रेंड करने लगे. दुनियाभर के फुटबॉल फैंस उनकी पत्नी मिशेल डी ब्रुयने के बारे में जानना चाहते हैं. आखिर एक ट्वीट से शुरू हुई यह कहानी कैसे शादी और तीन बच्चों के परिवार तक पहुंची?
दुनियाभर के फुटबॉल फैंस यह जानना चाहते थे कि आखिर वह महिला कौन हैं, जो अक्सर स्टेडियम में दिखती हैं और जिन्हें केविन अपनी जिंदगी की सबसे बड़ी ताकत बताते हैं. कई अंतरराष्ट्रीय मीडिया प्लेटफॉर्म्स ने भी उनकी लव स्टोरी पर नए फीचर स्टोरी प्रकाशित किए, जिसके बाद उनकी ये लव स्टोरी सोशल मीडिया पर शेयर होने लगी.

Photo Credit: Instagram @lacroixmichele
दोस्त के एक ट्वीट ने बदल दी केविन की जिंदगी
लाखों की संख्या में लोग केविन डी ब्रुयने के फुटबॉल के दीवाने हैं, पर 2014 में इसकी तस्वीर बिल्कुल अलग थी. तब वो जर्मनी के क्लब वेर्डर ब्रेमेन में खेल रहे थे और सोशल मीडिया पर उनके बहुत कम फॉलोअर्स थे. उस दौरान मिशेल लाक्रोइक्स नाम की एक खूबसूरत लड़की ने उनके एक ट्वीट को लाइक किया.
केविन के एक दोस्त ने उनसे मिशेल को मैसेज करने को कहा पर केविन उसके लिए तैयार नहीं हुए. उन्हें लगा कि शायद मिशेल कोई जवाब नहीं देंगी. आखिरकार दोस्त ने ही मैसेज भेज दिया. कुछ देर बाद ही मिशेल का जवाब आ गया. यहीं से दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई.
दोनों मैसेज पर बात करते रहे. ये सिलसिला कई महीनों तक चला. मिशेल उनसे बहुत सी बातें पूछतीं. फिर दोनों पहली बार मिले. बाद में केविन ने लिखा कि मिशेल ने सिर्फ उनकी जिंदगी में प्यार नहीं लाया, बल्कि उन्हें एक बेहतर इंसान भी बनाया.
उन्होंने लिखा, "मुझे नहीं पता कि मैं उनके बिना क्या करता."

Photo Credit: Instagram @lacroixmichele
एफिल टॉवर पर किया प्रपोज
आखिर दो सालों तक दोनों ने एक दूसरे को डेट किया और फिर केविन ने अपनी लव स्टोरी को नया मोड़ दिया. साल 2016 में उन्होंने पेरिस के मशहूर एफिल टावर के सामने मिशेल को शादी के लिए प्रपोज किया.
मिशेल तुरंत हां कह दी. जून 2017 में दोनों ने इटली में शादी कर ली.
बाद में केविन ने कहा कि वह हमेशा शर्मीले स्वभाव के रहे, लेकिन मिशेल ने उन्हें लोगों के बीच खुलकर जीना सिखाया.

Photo Credit: Instagram @lacroixmichele
जब रो पड़े केविन
केविन ने अपने एक बच्चे के जन्म के समय का एक भावुक किस्सा भी साझा किया. उन्होंने बताया कि वह अपनी शादी में भी नहीं रोए, बच्चों के जन्म पर भी नहीं रोए लेकिन जब घुटने की गंभीर चोट लगी और उन्हें पता चला कि लंबे समय तक फुटबॉल से दूर रहना पड़ेगा, तब वह खुद को रोक नहीं पाए.
उनकी पत्नी आज भी इस बात को मजाक में याद करती हैं. केविन कहते हैं कि तब मैं खुद से अपना अंडरवियर तक नहीं पहन सकता था. उन्हें लगा कि वो फुटबॉल से दूर हो जाएंगे, इसिलिए रोना आ गया.

Photo Credit: Instagram @lacroixmichele
तीन बच्चों का खुशहाल परिवार
आज केविन और मिशेल तीन बच्चों के माता-पिता हैं.
उनका पहला बेटा 2015 में पैदा हुआ, जब केविन अपने करियर के सबसे तनावपूर्ण दौर से गुजर रहे थे और बड़े क्लबों के बीच ट्रांसफर की चर्चाएं चल रही थीं.
दूसरे बेटे के जन्म के अगले ही दिन केविन को घुटने की गंभीर चोट वाली घटना हुई थी.
इसके बाद उनके परिवार में एक बेटी का भी जन्म हुआ.
केविन कई बार कह चुके हैं कि परिवार ने उन्हें सिखाया कि फुटबॉल बहुत बड़ा है, लेकिन जिंदगी उससे भी बड़ी है.

Photo Credit: Instagram @lacroixmichele
सिर्फ खिलाड़ी की पत्नी नहीं
केविन हमेशा इस बात का विरोध करते रहे हैं कि खिलाड़ियों की पत्नियों को सिर्फ WAG (वाइव्स एंड गर्लफ्रेंड) कहकर देखा जाता है.
उनके मुताबिक मिशेल ने 19 साल की उम्र में अपना घर छोड़ दिया ताकि वह उनके साथ रह सकें और उनके करियर का हिस्सा बन सकें.
वो हमेशा कहते हैं कि उनकी हर सफलता के पीछे मिशेल की बराबर की भूमिका है.

Photo Credit: Instagram @kevindebruyne
कॉमन गोल से जुड़े हैं केविन
ऐसा नहीं है कि केविन और मिशेल का किस्सा केवल उनकी लव स्टोरी, फुटबॉल और उनके परिवार तक सीमित है.
दोनों रोनाल्ड मैकडोनाल्ड चिल्ड्रन्स फंड से जुड़े हैं, जो अस्पताल में भर्ती बच्चों के परिवारों की अस्पताल के पास रहने में मदद करता है.
केविन कॉमन गोल अभियान से भी जुड़े हुए हैं. कॉमन गोल स्ट्रीटफुटबॉलवर्ल्ड का एक ऐसा अभियान है जिसे स्पेनिश फुटबॉलर जुआन माटा ने आम जनता की मदद से शुरू किया था. यह दुनिया भर में फुटबॉल चैरिटी का समर्थन करता है और प्रोफेशनल फुटबॉलर, कोच से उनकी कमाई का 1 फीसद हिस्सा दान करने के लिए उन्हें प्रोत्साहित करता है.
उन्होंने बेल्जियम के स्टार खिलाड़ी रोमेलु लुकाकू के साथ अस्पतालों में भर्ती बच्चों को जूते भी बांटे.
बेल्जियम के साथ ही केविन के फीफा वर्ल्ड कप 2026 का सफर भले ही खत्म हो गया है पर सोशल मीडिया पर उनकी लव स्टोरी सोशल की चर्चा हो रही है.
ये भी पढ़ें: मेसी की अर्जेंटीना से हारे पर सबका दिल जीता, केप वर्डे के गोलकीपर वोजिन्हा का भावुक संदेश
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं