Dutch Referee Death News: फ़ुटबॉल की दुनिया से एक दुखद खबर सामने आई है. डच रेफरी रॉब डीपरिंक, जिन्हें 2026 FIFA वर्ल्ड कप की रेफरी टीम से हटा दिया गया था वो मृत पाए गए हैं. डीपरिंक को 2026 वर्ल्ड कप में VAR (वीडियो असिस्टेंट रेफरी) टीम का हिस्सा बनना था, लेकिन टूर्नामेंट शुरू होने से एक महीने पहले ही उन्हें एक नाबालिग के साथ 'यौन उत्पीड़न' के आरोपों के कारण टीम से हटा दिया गया था. हालांकि सबूतों की कमी के कारण बाद में यह मामला बंद कर दिया गया था, लेकिन अब पता चला है कि रेफरी की मौत हो गई है.
डीपरिंक की मौत 38 साल की उम्र में हुई, हालांकि उनकी मौत का कारण अभी तक सार्वजनिक नहीं किया गया है. डच फ़ुटबॉल एसोसिएशन (KNVB) ने एक बयान में इस खबर की पुष्टि की और डीपरिंक को श्रद्धांजलि दी, जो देश के सबसे सम्मानित अधिकारियों में से एक थे.
KNVB ने कहा, "रॉब डीपरिंक के निधन से हम हैरान और बेहद दुखी हैं. रॉब के जाने से हमने एक बहुत ही मूल्यवान रेफरी खो दिया है, लेकिन सबसे बढ़कर, एक दयालु और समर्पित साथी खो दिया है." खेल की वैश्विक गवर्निंग बॉडी, FIFA ने भी एक बयान जारी कर डच रेफरी की मौत पर शोक व्यक्त किया.
FIFA के बयान में कहा गया, "पूरे फ़ुटबॉल समुदाय की ओर से, हम उनके परिवार, दोस्तों और डच फ़ुटबॉल एसोसिएशन के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं. उनकी आत्मा को शांति मिले."
डीपरिंक 2017 से नीदरलैंड की टॉप-फ़्लाइट लीग, एरेडिविसी (Eredivisie) में रेफरी के तौर पर काम कर रहे थे और 2024 में यूरोपियन चैंपियनशिप के दौरान VAR अधिकारियों में से एक थे. BBC के अनुसार, उन्हें FIFA वर्ल्ड कप 2026 की लिस्ट में वीडियो असिस्टेंट रेफरी के तौर पर शामिल किया गया था, लेकिन बाद में उन्हें हटा दिया गया था.
उन्हें लंदन की मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने एक नाबालिग लड़के के यौन उत्पीड़न के आरोपों में गिरफ्तार किया था; इसी विवाद के कारण उन्हें वर्ल्ड कप से बाहर होना पड़ा था. आरोप लगने के बाद डीपरिंक ने डच अख़बार 'डी टेलीग्राफ़' (De Telegraaf) से कहा था, "मुझे इस बात का बहुत दुख है कि मुझ पर गलत आरोप लगाए गए हैं."
डीपरिंक ने कहा था, "शुरू से ही मैंने पुलिस जांच में पूरा सहयोग किया है और FIFA, UEFA और KNVB को भी तुरंत पूरी जानकारी दी है." खबरों के मुताबिक, 2026 वर्ल्ड कप के लिए FIFA की VAR टीम में शामिल न किए जाने से वह काफी निराश थे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं