क्या आप जानते हैं कि इंसान ने सबसे पहले किस फल की खेती शुरू की थी. अगर आपका जवाब सेब या केला है, तो आप गलत हैं. दुनिया का सबसे पुराना फल अंजीर है. वैज्ञानिकों को इजराइल में खुदाई के दौरान अंजीर के ऐसे अवशेष मिले हैं जो करीब 11,200 से 11,400 साल पुराने हैं. इसका मतलब है कि जब इंसान ने ठीक से खेती करना भी नहीं सीखा था, तब से वह अंजीर खा रहा है.
भारत में इस फल का सबसे प्रचलित नाम अंजीर ही है, लेकिन दक्षिण भारत में इसे अलग-अलग नामों से भी पुकारा जाता है. जैसे तमिल और मलयालम में इसे 'अत्ति पझम' कहते हैं और तेलुगु में 'अत्ति पल्लू'. पुराने जमाने में जब चीनी नहीं होती थी, तब लोग चीजों को मीठा करने के लिए अंजीर का ही इस्तेमाल करते थे.
अंजीर के 5 मजेदार तथ्य:
- अंजीर असल में कोई आम फल नहीं है. यह अंदर की तरफ मुड़ा हुआ एक फूल होता है, जिसके बीज फल के अंदर ही बनते हैं,
- इसके पेड़ बहुत लंबे समय तक जीते हैं और सालों-साल फल देते रहते हैं.
- दुनिया के लगभग सभी बड़े धर्मों और पौराणिक ग्रंथों में अंजीर का जिक्र मिलता है.
- पुराने जमाने में सफर करने वाले लोग सुखाए हुए अंजीर साथ रखते थे क्योंकि यह जल्दी खराब नहीं होता और ताकत देता है.
- भारत में सर्दियों के मौसम में इसे सेहत बनाने के लिए सबसे अच्छा माना जाता है.
अंजीर खाने के फायदे:
अंजीर स्वाद में जितना मीठा होता है, सेहत के लिए उतना ही फायदेमंद है. इसमें फाइबर, कैल्शियम, पोटैशियम और मैग्नीशियम जैसे जरूरी पोषक तत्व भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं,
- अंजीर में काफी मात्रा मे फाइबर पाया जाता है, जो कब्ज की समस्या से राहत दिल सकता है. रात में 2 से 3 सूखे अंजीर पानी में भिगोकर रख दें और सुबह खाली पेट खा लें. इससे पेट साफ रहता है.
- अंजीर में कैल्शियम की भी अच्छी मात्रा में होती है. अगर आप दूध नहीं पीते या आपको हड्डियों में दर्द की शिकायत रहती है, तो आपके लिए अंजीर खाना बहुत फायदेमंद साबित हो सकता है.
- इसमें मौजूद पोटैशियम ब्लड प्रेशर को कंट्रोल में रखता है. अगर आपको दिनभर थकान महसूस होती है, तो अंजीर खाने से तुरंत एनर्जी मिलती है. व्रत या उपवास के दिनों में भी लोग इसे बड़े चाव से खाते हैं.
अंजीर को डाइट में कैसे शामिल करें?
अंजीर को आप ताजा भी खा सकते हैं और सुखाकर भी. बाजार में सुखाया हुआ गोल अंजीर आसानी से मिल जाता है. इसे दूध में उबालकर पीना भी सेहत के लिए बहुत अच्छा माना जाता है. अगर आप अपनी रोज की डाइट में सिर्फ दो अंजीर भी शामिल कर लेंगे, तो कुछ ही दिनों में आपको अपनी सेहत में बड़ा फर्क दिखाई देने लगेगा. तो आज ही से इस प्राचीन और गुणकारी फल को अपने खाने का हिस्सा बनाइए.
इसे भी पढ़ें: ढीली हो गई है कुकर की रबर? कुकर के ढक्कन की रबर को ऐसे करें टाइट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं