Shimla Mirch Ki Sabji Recipe In Hindi: अक्सर आपने देखा होगा कि घर में जैसे ही हरी सब्जियों का जिक्र होता है बड़े और छोटे हर किसी के नाक मुंह बनने लगते हैं. अगर आपके घर में भी शिमला मिर्च का नाम सुनते ही ऐसा ही होता है, तो ये रेसिपी आपके लिए है. क्योंकि आज हम आपको एक शिमला मिर्च की ऐसी रेसिपी बता रहे हैं, जिसे एक बार खा लिया तो तारीफ करते नहीं थकेंगे. इस रेसिपी को (@NikitasKitchenRecipes) नामक यूट्यूब चैनल पर शेयर किया गया है.
यह रेसिपी न सिर्फ स्वाद में बेहतरीन है, बल्कि इसे बनाने का तरीका भी बहुत आसान है. आइए जानते हैं कि इस खास डिश को कैसे तैयार किया जा सकता है और क्यों यह आपके रोज़ के खाने के मेन्यू के लिए बिल्कुल परफेक्ट है.
यहां देखें वीडियो-
क्यों खास है यह शिमला मिर्च रेसिपी?
आम तौर पर शिमला मिर्च को लोग या तो नूडल्स में डालते हैं या फिर आलू-शिमला मिर्च की सूखी सब्जी बनाते हैं. लेकिन इस वीडियो में जिस तरह से इसे बनाया गया है, वह तरीका बिल्कुल अलग है. इसमें मसालों का सही मेल और सब्जियों की कटिंग का तरीका ऐसा है कि हर किसी को इसका स्वाद पसंद आ जाए. इसे आप दोपहर के लंच में गरमा-गरम रोटियों के साथ सर्व कर सकते हैं या डिनर में भी बना सकते हैं. इसकी सबसे अच्छी बात यह है कि इसे बनाने के लिए आपको बाजार से कोई बहुत महंगी या मुश्किल चीज़ें लाने की ज़रूरत नहीं है. घर में रखी बेसिक चीज़ों से ही यह स्वादिष्ट डिश झटपट बनकर तैयार हो जाती है.
अगर आप फटाफट इस रेसिपी को पढ़ना चाहते हैं, तो स्टेप-बाय-स्टेप रेसिपी नीचे है-
कैसे बनाएं स्वादिष्ट शिमला मिर्च की सब्जी- (How To Make Shimla Mirch Ki Sabji)
- सबसे पहले शिमला मिर्च को अच्छी तरह धोकर सुखा लें. डंठल हटाकर बीच से चीरा लगाएं और अंदर के बीज निकाल दें.
- एक कड़ाही में तेल गर्म करें और उसमें शिमला मिर्च डाल दें. थोड़ा नमक मिलाकर 4-5 मिनट तक हल्का फ्राई करें.
- फिर ढककर धीमी आंच पर पकाएं, ताकि शिमला मिर्च थोड़ी नरम हो जाए. इसके बाद इसे निकालकर अलग रख दें.
- उसी तेल में जीरा डालकर चटकाएं. फिर बारीक कटी प्याज डालकर सुनहरा या हल्का ट्रांसपेरेंट होने तक भूनें. अब अदरक-लहसुन डालकर अच्छी तरह भून लें.
- इसके बाद लाल मिर्च, हल्दी और धनिया पाउडर डालकर मिलाएं. टमाटर का पेस्ट और नमक डालें तथा मसाले को तब तक पकाएं जब तक तेल अलग न दिखाई देने लगे.
- अब भुनी हुई मूंगफली का पाउडर मिलाएं और कुछ देर भूनें. फिर धीमी आंच पर फेंटा हुआ दही डालें और लगातार चलाते हुए अच्छी तरह मिक्स करें.
- इसके बाद गरम मसाला और कसूरी मेथी डाल दें.
- मसाले में लगभग एक कप पानी डालकर 5 मिनट तक उबाल आने दें.
- फिर पहले से फ्राई की हुई शिमला मिर्च डालें और 3-4 मिनट तक ढककर पकाएं.
- जब शिमला मिर्च पूरी तरह पक जाए और ग्रेवी गाढ़ी हो जाए, तब गैस बंद कर दें.
- आपकी स्वादिष्ट सब्जी बनकर तैयार है इसे आप रोटी और नान के साथ पेयर कर सकते हैं.
ये भी पढ़ें- न मैदा, न बेसन! सिर्फ 10 मिनट में बनाएं ये क्रिस्पी स्नैक, बारिश में चाय का स्वाद हो जाएगा डबल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं