आजकल हर दूसरे घर में इंडक्शन का इस्तेमाल होने लगा है. ये खाना बनाने का काम बहुत आसान और जल्दी कर देता है, लेकिन जब इस पर खाना छलक जाता है या तेल की चिकनाई जम जाती है, तो इसे साफ करना थोड़ा सिरदर्दी का काम लगने लगता है. कई बार लोग जल्दबाजी में स्क्रबर से इसे घिस देते हैं, जिससे इस पर स्क्रैच पड़ जाते हैं. अगर आपके घर का भी इंडक्शन गंदा हो गया है, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है. इन आसान ट्रिक्स की मदद से नया जैसा चमक जाएगा.
इंडक्शन साफ करते समय क्या करें?
सफाई शुरू करने से पहले कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना बहुत जरूरी है ताकि इंडक्शन खराब न हो और आपको भी कोई नुकसान न पहुंचे,
- सबसे पहले इंडक्शन का प्लग सॉकेट से बाहर निकाल लें.
- अगर आपने अभी-अभी खाना बनाया है, तो इंडक्शन को पूरी तरह ठंडा होने दें.
- सफाई के लिए कभी भी लोहे वाले जूने या तार के स्क्रबर का इस्तेमाल न करें.
- इंडक्शन पर सीधे पानी न डालें, इससे अंदर की वायरिंग में पानी जा सकता है.
घर पर इंडक्शन साफ कर करने के लिए क्या करें?
डिशवॉश और गुनगुना पानी: अगर इंडक्शन पर सिर्फ हल्की-फुल्की धूल या रोजाना की चिकनाई है, तो ज्यादा मेहनत करने की जरूरत नहीं है. सबसे पहले एक कटोरी में थोड़ा सा गुनगुना पानी लें फिर इसमें 3 से 4 बूंद लिक्विड डिशवॉश मिला लें. अब एक सूती कपड़ा या स्पंज इसमें डुबोएं और निचोड़कर पूरे इंडक्शन को पोंछ लें, इसके बाद सूखे कपड़े से दोबारा साफ कर लें.
बेकिंग सोडा और नींबू:
अगर इंडक्शन पर दूध जलकर चिपक गया है या जिद्दी दाग लग गए हैं, तो इंडक्शन के कांच वाले हिस्से पर थोड़ा सा बेकिंग सोडा छिड़कें. अब आधे कटे हुए नींबू को बेकिंग सोडा के ऊपर हल्के हाथों से रगड़ें फिर 5 मिनट बाद इसे किसी गीले कपड़े से साफ कर लें.
सफेद सिरका:
कांच पर लगे पानी के सफेद दाग या तेल की चिपचिपाहट हटाने के लिए विनेगर बहुत काम आता है. इसके लिए एक स्प्रे बोतल में आधा पानी और आधा सिरका मिलाकर घोल बना लें. इसे इंडक्शन पर स्प्रे करें और 2 मिनट के लिए छोड़ दें. इसके बाद माइक्रोफाइबर कपड़े से इसे पोंछ लें. कांच एकदम शीशे की तरह चमक जाएगा.
इंडक्शन को हमेशा नया बनाए रखने के लिए क्या करें?
- खाना बनाने के तुरंत बाद जब इंडक्शन हल्का गुनगुना हो, तभी सूखे कपड़े से पोंछ दें.
- खाना पकाते वक्त बर्तन के नीचे का हिस्सा हमेशा साफ रखें, इससे पेंदे का दाग कांच पर नहीं छपेगा.
- हमेशा सॉफ्ट कपड़े का ही इस्तेमाल करें.
इसे भी पढ़ें: करवाचौथ से पहले पुरानी छलनी को नई जैसी कैसे बनाएं?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं