क्या आप भी कढ़ी पकौड़ा खाने के शौकीन हैं लेकिन ज्यादा तेल-मसालों की वजह से खुद को रोक लेते हैं, तो यह आर्टिकल सिर्फ और सिर्फ आपके लिए है. हाल ही में शेफ मेघना ने अपने इंस्टाग्राम पर छत्तीसगढ़ की बहुत ही प्रसिद्ध और पारंपरिक डिश डुबकी कढ़ी की रेसिपी शेयर की है. यह न सिर्फ खाने में बेहद स्वादिष्ट होती है, बल्कि सेहत के लिहाज से भी शानदार है. सबसे अच्छी बात यह है कि इसमें पकौड़ों को डीप-फ्राई नहीं किया जाता, जिससे यह पूरी तरह से गिल्ट-फ्री और प्रोटीन से भरपूर मील है. आइए जानते हैं इसे घर पर आसानी से कैसे बनाया जा सकता है.
पारंपरिक कढ़ी से क्यों अलग है डुबकी कढ़ी?
आमतौर पर हम जब भी कढ़ी बनाते हैं, तो उसमें बेसन या दाल के पकौड़ों को तेल में तलकर डालते हैं. इससे कढ़ी में तेल बहुत ज्यादा हो जाता है. लेकिन छत्तीसगढ़ की इस स्पेशल डुबकी कढ़ी का अंदाज़ ही अलग है. इसमें उड़द दाल के बैटर से छोटे-छोटे वड़े सीधे उबलती हुई कढ़ी में ही डुबोए यानी पकाए जाते हैं. इसीलिए इसे डुबकी कढ़ी कहा जाता है. बिना तेल में तले उबले हुए ये वड़े मुंह में जाते ही घुल जाते हैं और कढ़ी का स्वाद दोगुना कर देते हैं.
यहां देखें वीडियो-
कैसे बनाएं डुबकी कढ़ी-
सामग्री-
- एक कप उड़द दाल
- एक छोटा टुकड़ा अदरक
- 3-4 लहसुन की कलियां
- हरी मिर्च
- थोड़ा सा नमक
- एक कप फेंटा हुआ दही
तड़के के लिए-
- एक छोटी चम्मच तेल
- राई
- जीरा
- हींग
- कढ़ी पत्ते
- एक बारीक कटा हुआ प्याज
मसाले-
- हल्दी पाउडर
- धनिया पाउडर
- लाल मिर्च पाउडर
- ऊपर से तड़के के लिए-
- दो चम्मच तेल
- कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर
- सूखी लाल मिर्च
गार्निशिंग के लिए-
- बारीक कटा हरा धनिया
विधि-
- सबसे पहले भीगी हुई उड़द दाल को मिक्सर जार में डालें. इसमें अदरक, लहसुन, हरी मिर्च और एक चौथाई कप पानी डालकर गाढ़ा और स्मूथ पेस्ट बना लें.
- ध्यान रखें कि पानी ज्यादा न हो, बैटर गाढ़ा होना चाहिए.
- पिसी हुई दाल को एक कटोरे में निकालें, नमक मिलाएं और इसे कम से कम 10 मिनट तक लगातार फेंटें.
- अच्छे से फेंटने से बैटर हल्का हो जाता है और वड़े बहुत सॉफ्ट बनते हैं.
- अब इस तैयार दाल के बैटर में से 2 बड़े चम्मच बैटर अलग निकाल लें और इसे 1 कप फेंटे हुए दही में अच्छी तरह मिला लें ताकि कोई गांठ न रहे.
- एक कढ़ाई में एक चम्मच तेल गरम करें. इसमें राई, जीरा, हींग, कढ़ी पत्ता और कटा हुआ प्याज डालकर गोल्डन होने तक भून लें.
- इसके बाद हल्दी, धनिया और लाल मिर्च पाउडर डालकर मसालों को अच्छे से भूनें.
- अब इसमें दही और दाल वाला मिक्चर डाल दें और तुरंत ढाई कप पानी मिला लें.
- इसे लगातार चलाते हुए तेज आंच पर दो उबाल आने तक पकाएं.
- जब कढ़ी उबलने लगे, तो आंच तेज ही रखें और बचा हुआ उड़द दाल का बैटर चम्मच से थोड़ा-थोड़ा करके कढ़ी में डालते जाएं.
- ये वड़े पकते ही खुद-ब-खुद ऊपर तैरने लगेंगे.
- लास्ट में एक पैन में दो चम्मच तेल गरम करें, उसमें कश्मीरी लाल मिर्च और सूखी लाल मिर्च डालकर गरमा-गरम तड़का कढ़ी के ऊपर लगाएं.
- ऊपर से हरा धनिया छिड़कें. आपकी हेल्दी और टेस्टी छत्तीसगढ़ी डुबकी कढ़ी तैयार है. इसे गरमा-गरम बासमती चावल के साथ सर्व करें.
ये भी पढ़ें- आज क्या बनाऊं: बिना एक बूंद तेल के बनेंगे सॉफ्ट दही भल्ले, स्वाद ऐसा कि उंगलियां चाटते रह जाएंगे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं