बारिश शुरू होने वाली है या फिर शुरू हो गई इसको देखते ही सबसे पहला ख्याल जो मन में आता है कि अब तो पकौड़े खाएं जाएंगे, समोसे खाएं जाएंगे और वो चटर-पटर वाली चीज जो इस बारिश के मजे को दोगुना कर दे. बचपन से लेकर आज तक जब भी बारिश देखते हैं तो सबसे पहला शब्द जो मुंह से निकलता है मस्त चाय और पकौड़ी होती तो बारिश का मजा ही कुछ और होता. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि आखिर ऐसा क्यों होता है. बारिश में ही चाय और पकौड़ी का ख्याल दिमाग में क्यो आता है.
आखिर ऐसा क्यों होता है कि अलग-अलग मौसम के हिसाब से हमारी क्रेविंग्स बदल जाती हैं. आपको बता दें कि इसकी वजह सिर्फ स्वाद नहीं बल्कि मौसम, मूड और शरीर का एक अनोखा कनेक्शन हैं. इसके साथ ही इस कनेक्शन के पीछे एक वैज्ञानिक कारण भी जुड़ा हुआ है.
क्या है नॉर्मल कनेक्शन

दरअसल बारिश के मौसम में तापमान गिर जाता है और माहौल ठंडा हो जाता है. ऐसे में पकौड़ों के साथ चाय का ये कॉम्बिनेशन ना सिर्फ आपके मूड को बेहतर करता है स्वाद देता है बल्कि आपके शरीर में 'सेरोटोनिन' (खुशी देने वाला हार्मोन) को भी बढ़ाने में मदद करता है.
वैज्ञानिक कारण
बारिश के मौसम में पकौड़े और चाय का मन करने के पीछे वैज्ञानिक कारण भी हैं. बारिश के मौसम में सूरज की रोशनी हम तक कम पहुंचती है जिस वजह से शरीर में विटामिन डी भी कम होता है. इसके साथ ही ये हैप्पी हार्मोन सेरोटोनिन का लेवल भी इस मौसम में कम हो जाता है जिस वजह से शरीर को कॉर्बोहाइड्रेट की जरूरत पड़ती है. पकौड़ा कार्बोहाइड्रेट से भरपूर होता है. ऐसे में जब आप अपनी पसंद के पकौड़े खाते हैं तो मूड फ्रेश हो जाता है. इसके साथ ही फ्राइड फूड से हमारे ब्रेन में डोपामाइन के डिस्चार्ज को भी बढ़ाता है जिससे हमें खुशी का एहसास होता है.
मजा को सजा ना बनने दें
हालांकि ये मौसम चाय-पकौड़ी के लिए परफेक्ट है लेकिन ज्यादा तला-भुना खाने से गैस और डाइजेशन की दिक्कत हो सकती है. खासकर अगर आप बाहर का खाना खाते हैं तो इससे पेट के इंफेक्शन का खतरा भी बढ़ जाता है. इसलिए आपको इनका सेवन संतुलित मात्रा में करना चाहिए.
पकौड़ों के हेल्दी ऑप्शन
अगर आपको अपनी सेहत की ज्यादा चिंता है तो आप पकौड़ों की जगह इसके हेल्दी ऑप्शन्स भी आजमा सकते हैं. आप पकौड़ों को तेल में फ्राई करने की बजाय आप एयर फ्रायर में भी इनको पका सकते हैं. इसके अलावा आप पकौड़ों को शैलो फ्राई कर के भी खा सकते हैं.
आप आलू की जगह प्याज, पालक, पनीर या मिक्स वेजिटेबल्स के पकौड़े खा सकते हैं. इसके साथ ही चाय में ज्यादा मीठा ना रखें और इसमें अदरक और तुलसी जैसी चीजें डालकर पकाएं.
वहीं आप भुने मखाने, कॉर्न चाट, पीनट चाट, वेज सैंडविच, सूप, भेलपूरी जैसी चीजों को भी अपनी लिस्ट में शामिल कर सकते हैं. ये हेल्दी और टेस्टी ऑप्शन्स हैं.
एयर फ्रायर पकौड़ा
आप सभी सब्जियों को जैसे आलू और प्याज को लंबा-लंबा कट कर लें. फिर इसमें बेसन, नमक, लाल मिर्च, हरी मिर्च, अजवाइन, हल्दी डालकर प्याज के साथ पहले बेसन को अच्छी तरह से मिक्स कर लें. इसके बाद थोड़ा सा पानी मिलाएं ( ध्यान रखें की पानी ज्यादा ना हो). अब पकौड़ों को एयर फ्रायर में सेट करें और हल्का सा ऑयल स्प्रे करें और पका लें. ना बराबर तेल में आपके क्रिस्पी पकौड़े बनकर तैयार हैं.
कॉर्न चाट
बारिश के मौसम में कॉर्न चाट भी आपकी क्रेविंग को पूरा करने का हेल्दी ऑप्शन हो सकता है. इसके लिए आपको स्वीट कॉर्न को बॉयल कर लेना है. फिर इसमें प्याज, टमाटर, हरी मिर्च, नमक, चाट मसाला, खीरा, नमक और नींबू का रस डालकर अच्छे से मिक्स कर लें. ये खाने में चटपटी और टेस्टी लगती है.
वेज सैंडविच
इसके लिए आप प्याज और टमाटर को बारीक काट लें. अब इसमें नमक, लाल मिर्च, हरी मिर्च और चाट मसाला डालकर मिक्स कर लें. इसे ब्रेड में रखें और हल्का सा तवे पर सेंक लें. ये खाने में टेस्टी और हेल्दी भी है.
ये भी पढ़ें: खुशनुमा है मौसम का हाल, बरसात से बढ़ी ठंड के बीज 5 मिनट में बनाएं कुरकुरे पकौड़े
ये भी पढ़ें: कम तेल में कैसे बनाएं ब्रेड पकौड़ा, नोट करें आसान रेसिपी
Disclaimer: इस लेख में बताई गई बातें सामान्य जानकारी है. यहाँ दिए गए हेल्दी ऑप्शन जैसे एयर फ्रायर पकौड़े या भुने मखाने सामान्य सुझाव हैं. इन्हें अपनाने से पहले अपनी मेडिकल हिस्ट्री, एलर्जी और कैलोरी की जरूरतों का ध्यान रखें.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं