सर्दियां आते ही घरों में एक अलग ही रौनक आ जाती है. रजाई, मूंगफली, गाजर का हलवा और साथ में अचार की खुशबू हर भारतीय घर से आती है. इस मौसम में मार्केट में गाजर, गोभी और शलगम काफी सस्ते मिलते हैं, साथ ही मौसमी सब्जियां भी हैं, जो न सिर्फ खाने के स्वाद को बढ़ाने बल्कि, सेहत में भी कमाल हैं. अगर आप भी पूरी सर्दी इनका फायदा उठाना चाहते हैं, तो आप बहुत ही कम समय में स्वादिष्ट और सेहतमंद अचार बना सकते हैं. इतना नहीं इसे आप पूरे साल स्टोर करके भी रख सकते हैं. तो चलिए जानते हैं इस अचार को बनाने की रेसिपी.
आखिर को सर्दियों में ही बनता है ये अचार-
इस अचार की सबसे बड़ी वजह है सब्जियां. गाजर, गोभी और शलगम सर्दियों में ही सबसे अच्छे, फ्रेश आते हैं. गर्मियों में ये सब्जियां या तो मिलती नहीं, या फिर बेस्वाद लगती हैं. दूसरी बात, इस अचार को धूप की जरूरत होती है. सर्दियों की हल्की धूप में ये अचार धीरे-धीरे पकता है, खट्टा होता है और उसमें असली स्वाद आता है. गर्मियों की तेज धूप में ये जल्दी खराब भी हो सकता है.

कैसे बनाएं गाजर-गोभी-शलगम का अचार-
सामग्री-
- गाजर
- गोभी
- शलगम
- हरी मिर्च
- अदरक
- राई
- सौंफ
- मेथी दाना
- हल्दी
- लाल मिर्च पाउडर
- नमक स्वाद अनुसार
- सरसों का तेल
- नींबू का रस
- थोड़ा सा गुड़
विधि-
- सबसे पहले गाजर, गोभी और शलगम को अच्छे से धोकर छील लें. फिर इन्हें लंबे-लंबे टुकड़ों में काट लें.
- गोभी को छोटे-छोटे फूलों में तोड़ लें. अब इन सबको एक साफ कपड़े पर फैलाकर कुछ घंटे के लिए धूप में रख दें, ताकि इनका पानी सूख जाए.
- क्योंकि अगर पानी रह गया, तो अचार में फफूंद लग जाएगी.
- अब एक कढ़ाई में सरसों का तेल गरम करें, जब तक उसका कच्चापन न निकल जाए.
- तेल को ठंडा होने दें. फिर उसमें राई, सौंफ और मेथी को हल्का सा भूनकर दरदरा पीस लें.
- अब एक बड़े बर्तन में सब्जियां डालें, ऊपर से मसाले, नमक, हल्दी, लाल मिर्च और ठंडा किया हुआ तेल डालकर अच्छे से मिलाएं.
- आखिर में नींबू का रस डालें. अब इस अचार को कांच के बर्तन में भरकर 4-5 दिन धूप में रखें.
- रोज एक बार साफ चम्मच से चला दें. 5 दिन में आपका खट्टा-चटपटा अचार तैयार हो जाएगा.
अचार को लंबे समय तक कैसे स्टोर करें-
- कई लोगों की शिकायत होती है कि अचार जल्दी खराब हो जाता है. इसकी सबसे बड़ी वजह है पानी और गीला हाथ.
- अचार निकालते वक्त हमेशा सूखा चम्मच इस्तेमाल करें.
- कभी भी गीले हाथ न डालें.
- बर्तन हमेशा कांच का ही लें, प्लास्टिक के डिब्बे में अचार का स्वाद बदल जाता है.
- अचार में तेल हमेशा ऊपर तक रहना चाहिए, सब्जियां तेल में डूबी रहेंगी तो अचार महीनों तक खराब नहीं होगा.
ये भी पढ़ें- खिचड़ा कैसे बनाएं? इस रेसिपी से 15 मिनट में तैयार हो जाएगा स्वादिष्ट राजस्थानी बाजरे का खिचड़ा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं