'जय गंगाजल' : अपनी टीम के साथ पुणे स्थित एटीएस दफ्तर पहुंची 'आभा माथुर'

'जय गंगाजल' : अपनी टीम के साथ पुणे स्थित एटीएस दफ्तर पहुंची 'आभा माथुर'

मुंबई:

फ़िल्म 'जय गंगाजल' की टीम ने महाराष्ट्र के शहर पुणे में एक पूरा दिन गुज़ारा। यह पूरा दिन फ़िल्म की टीम ने पुणे की एटीएस और महिला पुलिसकर्मियों के साथ गुज़ारा और अपनी फ़िल्म 'जय गंगाजल' का प्रचार किया।

फ़िल्म 'जय गंगाजल' एक महिला पुलिस ऑफिसर आभा माथुर की कहानी है। जो भ्रष्टाचार, गुंडागर्दी और सिस्टम से लड़ रही है। लिहाज़ा फ़िल्म की टीम कोलकाता में प्रचार करने के बाद सीधे पुणे पहुंची और इस शहर की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों को उनके बेहतरीन काम के लिए सलाम किया।

पुणे पहुंचने के बाद फ़िल्म के निर्देशक प्रकाश झा और फ़िल्म के एक अभिनेता मानव गोहिल ने पुणे की आतंकवादी रोधी दस्ते (एटीएस) के इंचार्ज एसीपी भानुप्रताप बर्गे से मुलाकात की और ढेर सारी बातें हुई। उसके बाद फ़िल्म का ट्रेलर एटीएस की टीम को दिखाया गया।

उसके बाद फ़िल्म की टीम पुणे के पुलिस कंटोल रूम पहुंची और वहां की महिला पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की। इन अधिकारियों के काम और मेहनत की सराहना की, जो शहर को महफूज़ रखने में दिन रात काम करती हैं।

निर्देशक प्रकाश झा ने इस मौके पर कहा, 'पुणे में एटीएस हेड और महिला पुलिसकर्मियों से मिलकर अच्छा लगा। बातें करके पता चला कि किस तरह वो आतंकवाद से लड़ते हैं और किस तरह शहर की हिफाज़त करने के लिए मेहनत करते हैं।'

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

फ़िल्म 'जय गंगाजल' 4 मार्च को रिलीज़ हो रही है।