पेशवा के वंशजों ने फिल्म ‘बाजीराव मस्तानी’ पर सवाल खड़े किए, मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

पेशवा के वंशजों ने फिल्म ‘बाजीराव मस्तानी’ पर सवाल खड़े किए, मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

मुंबई:

प्रसिद्ध निर्देशक संजय लीला भंसाली की आने वाली इतिहास पर आधारित फिल्म ‘बाजीराव मस्तानी’ विवादों में घिर गई है। दरअसल बाजीराव पेशवा प्रथम के वंशजों ने ऐतिहासिक तथ्यों के साथ छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है। गौरतलब है कि इस फिल्म में रणवीर सिंह, दीपिका पादुकोण और प्रियंका चोपड़ा मुख्य भूमिका में हैं।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को गुरुवार को लिखे एक पत्र में पेशवा के वंशज प्रसादराव पेशवा ने सरकार से इस मामले में दखल देने की मांग की। उन्होंने कहा कि जल्द ही रिलीज होने जा रही इस फिल्म की समीक्षा की जाए। मामले की जांच कराई जाए तथा उसके अनुसार फैसला किया जाए।

पेशवा ने कहा कि वह एक आम आदमी हैं और आने वाली फिल्म के ‘टीजर’ और ‘प्रोमो’ देखने के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है।

प्रसादराव ने आरोप लगाया, ‘‘यह पाया गया है कि रचनात्मक स्वतंत्रता के नाम पर इस फिल्म में मूल इतिहास को उलट दिया गया है। साथ ही, एक गीत को श्रीमंत बाजीराव पेशवा प्रथम की दो पत्नियों काशीबाई और मस्तानी पर फिल्माया गया है। यह घटना ऐतिहासिक तथ्यों से मेल नहीं खाती।’’

उन्होंने यह भी कहा कि ‘पिंगा’ नृत्य शैली मराठी संस्कृति का एक अभिन्न हिस्सा है और इसे फिल्म में एक ‘आइटम सॉन्ग’ में बदल दिया गया और परिधान तथा नृत्य निर्देशन उसी के अनुरूप है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

प्रसादराव ने कहा कि योद्धा सम्राट श्रीमंत बाजीराव पेशवा और उनकी विरासत मराठी अस्मिता का मामला है।