यह ख़बर 22 अक्टूबर, 2012 को प्रकाशित हुई थी

पंचतत्व में विलीन हुए यश चोपड़ा, उमड़ा बॉलीवुड का हुजूम

खास बातें

  • जाने-माने फिल्मकार यश चोपड़ा का अंतिम संस्कार मुंबई स्थित पवनहंस में हुआ। उनकी अंतिम यात्रा में बॉलीवुड का हुजूम उमड़ पड़ा।
मुंबई:

जाने-माने फिल्मकार यश चोपड़ा का अंतिम संस्कार मुंबई स्थित पवनहंस श्मशान घाट में हुआ। उनकी अंतिम यात्रा में बॉलीवुड का हुजूम उमड़ा। अमिताभ बच्चन, शाहरुख खान सहित कई बड़े सितारे उन्हें अंतिम विदाई देने पहुंचे।

गौरतलब है कि यशराज का रविवार को मुंबई के अस्पताल में निधन हो गया था। फिल्म इंडस्ट्री के भी तमाम लोगों ने उनकी मौत को भारतीय सिनेमा के लिए एक बड़ी हानि बताया।

वह 80 साल के थे और उन्हें डेंगू से पीड़ित होने के बाद लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यश चोपड़ा ने बॉलीवुड के प्रतिष्ठित बैनर यशराज फिल्म की नींव रखी। यश ने मल्टी स्टारर (अमिताभ बच्चन, शाहरुख खान) कई फिल्में बनाईं। 'दीवार', 'सिलसिला', 'त्रिशूल', 'चांदनी', 'लम्हे' और 'डर' जैसी उनकी फिल्मों ने लोगों का खूब मनोरंजन किया और यह अपने-अपने समय की सुपरहिट फिल्में रहीं। यश चोपड़ा की मौत पर प्रधानमंत्री ने भी शोक व्यक्त किया है।

चोपड़ा की साल 1984 में रिलीज हुई फिल्म ‘मशाल’ में मुख्य भूमिका निभा चुके प्रसिद्ध अभिनेता दिलीप कुमार ने ‘ट्वीट’ किया, हिलाकर रख देने वाला, यकीन करना मुश्किल। यश एक दोस्त और भाई से कहीं बढ़कर थे। मैं स्तब्ध हूं और अपना दुख जाहिर करने के लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं। स्वर कोकिला लता मंगेशकर ने उन्हें हंसमुख एवं सहृदय व्यक्तित्व वाले एक भाई के तौर पर याद किया।

लता ने लिखा, यश चोपड़ा मेरे भाई की तरह थे। उनके फिल्म-निर्माण का तरीका काफी अलग था और संगीत के नजरिये से भी उनकी फिल्में हिट होती थीं। उनकी फिल्मों के संगीत का जादू कभी फीका नहीं पड़ा। हंसमुख एवं सहृदय व्यक्तित्व था उनका। मैंने आखिरी दफा उनसे उनके जन्मदिन के मौके पर बात की थी और उसके बाद वह बीमार हो गए। मैंने सोचा कि वह ठीक हो जाएंगे। माधुरी दीक्षित ने लिखा, अभी-अभी खबर मिली कि यशजी नहीं रहे। वह सिनेमा के दिग्गजों में से एक थे। उनके परिवार को मेरी गहरी संवेदनाएं। हमें उनकी कमी हमेशा खलेगी।

'वीर जारा’ फिल्म में चोपड़ा के साथ काम कर चुकीं अदाकारा प्रीति जिंटा ने ‘ट्वीट’ किया, यश अंकल हमें आपकी कमी हमेशा महसूस होगी। ईश्वर आपकी आत्मा को शांति दे। फिल्मकार महेश भट्ट ने कहा, आजादी के बाद भारतीय सिनेमा में यश चोपड़ा का योगदान अहम रहा है। अपनी आखिरी फिल्म ‘जब तक है जान’ में उन्होंने अपना सब कुछ दे दिया। वह काफी सक्रिय व्यक्ति थे। शबाना आजमी ने कहा, यशजी, आप कैसे जा सकते हैं? आपके 80वें जन्मदिन पर हमने कामना की थी कि आप 80 और फिल्में बनाएं..यह दिल तोड़ देने वाली बात है। अभिनेता अक्षय कुमार ने कहा, मैं सदमे में हूं और स्तब्ध हूं, खबर पर यकीन नहीं कर सकता, प्यार को अमर कर देने वाले शख्स चोपड़ा नहीं रहे  भगवान उनकी आत्मा को शांति दे। परिवार को मेरी गहरी संवेदनाएं।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

महानायक अमिताभ बच्चन ने ‘ट्वीट’ किया, ‘‘यश चोपड़ा नहीं रहे..अब से तकरीबन एक घंटा पहले। चोपड़ा के साथ ‘चांदनी’ और ‘लम्हे’ में काम करने वाली अभिनेत्री श्रीदेवी ने ‘ट्वीट’ किया, यशजी के निधन की खबर से गहरे शोक में हूं। जब कभी हम मिलते थे तो वह गर्मजोशी और स्नेह से भरे शख्स नजर आते थे। उनकी कमी हमेशा खलेगी। कुछ ही दिनों पहले अपनी बेटी को खो देने वाली मशहूर गायिका आशा भोंसले ने कहा, जब मैं अपनी बेटी को खो देने के गम से उबर ही रही हूं मेरे भाई यश चोपड़ा भाईसाब मुझे छोड़कर चले गए हैं।