सपने हमारी जिंदगी का एक रहस्यमयी हिस्सा माने जाते हैं. स्वप्न शास्त्र के अनुसार, हर सपना भविष्य से जुड़े किसी न किसी संकेत की ओर इशारा करता है. इन्हीं में से एक है सपने में सांप का दिखना. ज्योतिषाचार्य पंडित कौशल पांडेय के अनुसार, सपने में सांप का रंग, उसकी गतिविधि और परिस्थिति के अनुसार उसके शुभ और अशुभ फल अलग-अलग हो सकते हैं.
काला सांप दिखे तो क्या होता है?
पंडित कौशल पांडेय बताते हैं कि सपने में काले रंग का सांप दिखाई देना कई बार शुभ संकेत माना जाता है. यह जीवन में सकारात्मक बदलाव, सफलता और नई उपलब्धियों की ओर इशारा कर सकता है.
सांप काटे या दौड़ाए तो मिल सकता है लाभ
अगर सपने में सांप आपका पीछा करे या काट ले तो स्वप्न शास्त्र में इसे धन, वैभव और करियर में उन्नति का संकेत माना गया है. नौकरीपेशा लोगों के लिए यह प्रमोशन और कारोबारियों के लिए आर्थिक लाभ का संकेत हो सकता है.
यह भी पढ़ें: Shani Puja Rules: सूर्यपुत्र शनिदेव की पूजा करते समय महिलाओं को रखनी ये विशेष सावधानियां
सांपों का झुंड दिखना माना जाता है अशुभ
यदि सपने में एक साथ कई सांप दिखाई दें, तो इसे शुभ नहीं माना जाता. स्वप्न शास्त्र के अनुसार, यह धन हानि, मानसिक तनाव या किसी अप्रत्याशित परेशानी का संकेत हो सकता है. ऐसे सपने आने पर सतर्क रहने की सलाह दी जाती है.
सफेद और भूरे सांप का क्या है मतलब?
पंडित के अनुसार, सपने में सफेद सांप दिखाई देना शुभ समाचार, तरक्की और उन्नति का संकेत माना जाता है. वहीं, भूरे रंग के सांप से जुड़े सपनों को कुछ परिस्थितियों में आर्थिक नुकसान की आशंका से जोड़कर देखा जाता है.
क्या कहता है स्वप्न शास्त्र
ज्योतिषाचार्य पंडित कौशल पांडेय के अनुसार, स्वप्न शास्त्र में सपनों का अर्थ व्यक्ति की परिस्थितियों और सपने के पूरे घटनाक्रम पर भी निर्भर करता है. इसलिए किसी भी सपने को लेकर घबराने के बजाय उसे एक संकेत के रूप में समझना और सकारात्मक दृष्टिकोण रखना बेहतर माना जाता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं