गणेश चतुर्थी का त्योहार भगवान गणेश को समर्पित सबसे खास पर्वों में से एक है. भगवान गणेश विघ्नहर्ता हैं और उनकी पूजा करने से जीवन में आने वाली परेशानियां दूर होती हैं. मुंबई में गणेश चतुर्थी का उत्सव बेहद भव्य और उत्साह के साथ मनाया जाता है. लालबागचा राजा मुंबई का सबसे प्रसिद्ध और लोकप्रिय पंडाल है, जहां दर्शन के लिए लाखों भक्तों की भीड़ उमड़ती है. मुंबई के प्रसिद्ध लालबागचा राजा की पहली झलक शुक्रवार शाम को गणेश चतुर्थी से पहले श्रद्धालुओं के लिए जारी की गई. हर साल की तरह इस बार भी लालबागचा राजा की पहली झलक को लेकर भक्तों में भारी उत्साह देखने को मिला. लालबागचा राजा सिर्फ एक गणेश प्रतिमा नहीं, बल्कि मुंबई की आस्था, संस्कृति और कला का प्रतीक माना जाता है. इसे बेहद खूबसूरती और बारीकी से तैयार किया जाता है, जिसके दर्शन के लिए देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं.
लालबागचा राजा की पहली झलक
इस साल भी भगवान गणेश की भव्य प्रतिमा सिंहासन पर विराजमान नजर आई, जिसमें उनका शांत, दयालु और कृपालु स्वरूप दिखाई दे रहा है. हर साल लालबागचा राजा के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में भक्त पंडाल पहुंचते हैं.
#WATCH | Mumbai, Maharashtra: First look of Lalbaugcha Raja unveiled ahead of Ganesh Chaturthi on September 14. pic.twitter.com/WZurtiJ7wf
— ANI (@ANI) September 11, 2026
लालबागचा राजा की कौन करता है देखभाल
लालबागचा राजा की प्रतिमा की देखरेख कांबली परिवार पिछले 80 से भी अधिक सालों से कर रहा है. यह परिवार पीढ़ी-दर-पीढ़ी इस जिम्मेदारी को निभाते हुए मंडल से जुड़ी पुरानी परंपरा को आगे बढ़ा रहा है. यही वजह है कि लालबागचा राजा केवल एक प्रसिद्ध गणेश प्रतिमा नहीं, बल्कि आस्था, परंपरा और विरासत का भी प्रतीक माना जाता है.
लालबागचा राजा के दर्शन का समय?
लालबागचा राजा के दर्शन पूरे गणेशोत्सव के दौरान लगभग 24 घंटे यानी दिन-रात जारी रहते हैं. पिछले कुछ सालों के शेड्यूल को देखते हुए बात की जाए तो आम श्रद्धालुओं के लिए जनरल दर्शन सुबह करीब 5 बजे शुरू हो जाते हैं. वहीं, मुख दर्शन और चरण स्पर्श के लिए लाइनें सुबह 6 बजे खुलती हैं और देर रात तक चलती रहती हैं.
स्थान- लालबाग मार्केट, डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर रोड, परेल, मुंबई
उत्सव की अवधि- गणेशोत्सव 14 सितंबर 2026 (गणेश चतुर्थी) से शुरू होकर 25 सितंबर 2026 (अनंत चतुर्दशी/विसर्जन) तक चलेगा
लालबागचा राजा की कहानी
20वीं सदी की शुरुआत में लालबाग, परेल और आसपास का इलाका मुंबई के प्रसिद्ध गिरणगांव का हिस्सा था. यहां बड़ी संख्या में कपड़ा मिलों के मजदूर, मछुआरे, छोटे व्यापारी और दुकानदार रहते थे. उस समय बाजार और चॉलें लोगों के जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा थीं. लालबागचा राजा की शुरुआत की कहानी पेरू चॉल के एक बाजार से जुड़ी है. साल 1932 में यह बाजार बंद हो गया, जिससे स्थानीय मछुआरों और दुकानदारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया. उनके पास अपना सामान बेचने के लिए कोई स्थायी जगह नहीं बची. तब उन्होंने भगवान गणेश से प्रार्थना की और एक मनौती मांगी कि उन्हें एक स्थायी बाजार मिल जाए.
इसके बाद स्थानीय लोगों और कई समाजसेवियों ने मिलकर प्रयास शुरू किए. इनमें काउंसिलर कुंवरजी जेठाभाई शाह, डॉ. वी. बी. कोरगांवकर, नाखावा कोकम मामा, भाऊसाहेब शिंदे और डॉ. यू. ए. राव जैसे लोग शामिल थे. उनके प्रयासों से जमीन की मालकिन राजाबाई तैयबअली ने बाजार बनाने के लिए एक भूखंड उपलब्ध कराने पर सहमति दे दी. इसी मनौती के पूरा होने की खुशी में गणेशोत्सव की शुरुआत हुई, जो आगे चलकर लालबागचा राजा के रूप में देश के सबसे प्रसिद्ध और श्रद्धेय गणेशोत्सवों में से एक बन गया. आज लाखों श्रद्धालु अपनी मनोकामनाएं लेकर लालबागचा राजा के दर्शन करने पहुंचते हैं.
यह भी पढ़ें:- गणेश चतुर्थी के दिन क्या खरीदना चाहिए? 5 ऐसी चीजें जो Ganesh Chaturthi पर घर लाना शुभ माना जाता है
यह भी पढ़ें:- गणेश जी को 21 दूर्वा क्यों चढ़ाई जाती हैं? जानें सही तरीका और महत्व
यह भी पढ़ें:- गणेश चतुर्थी पर ऐसे करें बप्पा की स्थापना और पूजा, जानें शुभ मुहूर्त और विधि
Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं