विज्ञापन

फूलों से लद जाएगा आपका गुड़हल का पौधा, गार्डिंग एक्सपर्ट ने बताया गुड़हल के पौधे में ज्यादा फूल लाने के लिए क्या करें

फेमस गार्डिंग एक्सपर्ट तरुण चोपड़ा ने गुड़हल के पौधे की देखभाल करने और पौधे में फूलों को बढ़ाने का तरीका बताया है. आइए जानते हैं इसके बारे में-

फूलों से लद जाएगा आपका गुड़हल का पौधा, गार्डिंग एक्सपर्ट ने बताया गुड़हल के पौधे में ज्यादा फूल लाने के लिए क्या करें
गुड़हल के पौधे की मिट्टी कैसी होनी चाहिए?
(Photo Credit: NDTV)

अपने घर में फूलों वाले पौधे लगाना ज्यादातर लोगों को पसंद होता है. इनमें गुड़हल का पौधा सबसे आम है. गुड़हल के फूल न केवल देखने में बेहद खूबसूरत लगते हैं, बल्कि इन फूलों का इस्तेमाल लोग कई अलग-अलग कामों में भी करते हैं. कई लोग गुड़हल के फूल से हर्बल चाय बनाकर पीते हैं, इसे सेहत के लिए काफी अच्छा माना जाता है. ऐसे में अगर आपके घर में भी ये पौधा है, लेकिन पौधे पर फूल नहीं आ रहे हैं, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार हो सकता है. फेमस गार्डिंग एक्सपर्ट तरुण चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में उन्होंने गुड़हल के पौधे की देखभाल करने और पौधे में फूलों को बढ़ाने का तरीका बताया है. आइए जानते हैं इसके बारे में-

नया पौधा लाने के बाद तुरंत गमला न बदलें

गार्डिंग एक्सपर्ट कहते हैं, अगर आप नर्सरी से गुड़हल का पौधा लेकर आए हैं, तो इसका गमला तुरंत न बदलें. कम से कम एक हफ्ते तक पौधे को उसी गमले में रहने दें, ताकि पौधा नए माहौल में ढल सके. गुड़हल के पौधे के लिए 6 से 8 इंच का गमला काफी होता है. जब पौधे की ग्रोथ बढ़ने लगे, तब आप हर साल गमले के साइज को 2 इंच तक बढ़ा सकते हैं.

गुड़हल के पौधे की मिट्टी कैसी होनी चाहिए?

तरुण चोपड़ा कहते हैं, गुड़हल के लिए मिट्टी ऐसी होनी चाहिए जिसमें पोषण भी हो और पानी आसानी से निकल सके. मिट्टी तैयार करने के लिए 35 प्रतिशत गार्डन की मिट्टी, 25 प्रतिशत कंपोस्ट, 10 प्रतिशत नीम की खाद, 10 प्रतिशत पर्लाइट, 20 प्रतिशत रेत और 5 ग्राम एप्सम सॉल्ट लें. इन सभी चीजों को आपस में अच्छी तरह मिक्स कर लें. इतना करते ही आपके पौधे के लिए पोषक तत्वों से भरपूर मिट्टी तैयार हो जाएगी.

एक्सपर्ट बताते हैं, मिट्टी में एप्सम सॉल्ट मिलाने से गुड़हल के फूलों का रंग और खूबसूरत बन जाता है. वहीं, जब भी आप पौधे को गमले में लगाएं, तो इसमें 1 से 2 ग्राम एंटीफंगल पाउडर जरूर डालें. इससे पौधे में फंगस लगने का खतरा नहीं होता है.

गुड़हल के पौधे को कितनी देर धूप में रखना चाहिए?

गार्डिंग एक्सपर्ट कहते हैं, गुड़हल के पौधे को रोशनी खूब पसंद है. ऐसे में गुड़हल के पौधे को ऐसी जगह रखें जहां इसे करीब 6 से 8 घंटे की धूप मिल सके. ये पौधा गर्मियों की तेज धूप भी सहन कर सकता है. सही धूप मिलने पर पौधा अच्छी तरह बढ़ता है और इसमें फूल भी ज्यादा आते हैं.

गुड़हल के पौधे में कितना पानी और कितना खाद डालें?

गुड़हल में जरूरत से ज्यादा पानी डालने से बचें. एक्सपर्ट कहते हैं, इस पौधे को रोज पानी दिया जा सकता है, लेकिन अगर मिट्टी में नमी हो तो तुरंत पानी देने की जरूरत नहीं है. गमले के नीचे ड्रेनेज होल जरूर होना चाहिए, ताकि एक्स्ट्रा पानी निकल सके. पौधे में पानी जमा रहने से इसकी जड़ें गलने लगती हैं.

वहीं, आप महीने में एक बार पौधे में खाद डाल सकते हैं. इसके लिए आप कंपोस्ट या किचन वेस्ट की कंपोस्ट, दोनों का इस्तेमाल कर सकते हैं.

गुड़हल के पौधे को कीड़ों से कैसे बचाएं?

एक्सपर्ट कहते हैं, इस पौधे में कीड़े लगने का खतरा भी ज्यादा रहता है. ऐसे में कीड़ों से बचाने के लिए आप पौधे पर हर 15 दिनों में एक बार नीम के तेल का छिड़काव कर सकते हैं. अगर किसी टहनी पर कीड़े ज्यादा हैं, तो उसे काटकर अलग कर दें.

गुड़हल के पौधे पर फूल बढ़ाने के लिए क्या करें?

इसे लेकर एक्सपर्ट कहते हैं, अगर आप चाहते हैं कि आपके पौधे पर भरभरकर फूल आएं, तो एक भी सूखा हुआ फूल पौधे पर न रहने दें. जैसे ही कोई फूल सूखने लगे, उसे पौधे से काटकर अलग कर दें. मुरझाए हुए फूलों को हटाने से पौधे की ऊर्जा नए फूल बनाने और पौधे की ग्रोथ को बढ़ाने में लगती है. ज्यादा फूलों के लिए समय-समय पर टहनियों की कटाई-छंटाई भी करते रहें. खासकर फरवरी-मार्च में हार्ड प्रूनिंग की जा सकती है.

इन छोटी-छोटी बातों को ध्यान में रखकर आप अपने गुड़हल के पौधे को हरा-भरा और घना बना सकते हैं, साथ ही आपके पौधे पर फूल भी ज्यादा आएंगे.

यह भी पढ़ें- जेड प्लांट सूखने लगे तो क्या करना चाहिए? गार्डनिंग एक्सपर्ट से जानें जेड प्लांट को मरने से कैसे बचाएं
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Gardening Tips, Lifestyle News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com