Mulank 5 Wale Log Kaise Hote Hain: अंक ज्योतिष में मूलांक 5 का संबंध बुध ग्रह से जोड़कर देखा जाता है. जिनके भीतर लोगों के साथ जल्दी घुलमिल जाने और उन्हें अपना दोस्त बना लेने की बड़ी खूबी होती है. मूलांक 5 वाले स्वभाव से बातूनी होते हैं, लेकिन यही इनकी सबसे बड़ी खासियत भी होती है. मूलांक 5 वाले अपनी वाणी की बदौलत हर किसी से अपना काम निकलवा लेते हैं. अधिक से अधिक लोगों से मिलना और यात्रा करना इन्हें खूब भाता है. खास बात ये कि इन्हें यात्रा करने से लाभ भी मिलता है. आइए मूलांक 5 वालों की खूबियों और कमियों को विस्तार से जानते हैं.
मूलांक 5 की ताकत (Number 5 Strengths)
मूलांक 5 वाले चतुर सेल्स मैनेजर होते हैं. इन्हें अपनी चीजों को बेंचना बहुत अच्छे से आता है. कैसी भी समस्या हो नंबर 5 वाले लोग अपनी बुद्धि और विवेक से उसका समाधान अंतत: निकाल ही लेते हैं. इन्हें परिस्थितियों को संभालना बहुत अच्छे से आता है. जब कभी भी दोस्ती निभाने की बात आती है तो मूलांक 5 वाले लोग सबसे आगे होते हैं. मूलांक 5 वाले स्वभाव से मददगार होते हैं और इनकी राय का लोग सम्मान भी करते हैं.
मूलांक 5 की कमजोरी (Number 5 Weaknesses)
मूलांक 5 वाले जहां एक अच्छे दोस्त होते हैं, लेकिन खुद अक्सर लोगों से धोखा खा जाते है. खास तौर पर प्रेम के मामले में अक्सर लोग इनकी भावनाओं से खेलते हुए ठग कर चले जाते हैं. मूलांक 5 वाले लोग अक्सर चीजों को लेकर अपना विचार जल्दी-जल्दी बदलते रहते हैं. अभिमान के साथ हर चीज पर शर्त लगाना भी इनके लिए घाटे का सौदा साबित होता है.
मूलांक 5 वालों के लिए शुभ तारीखें (Auspicious Dates for Number 5)
मूलांक 5 वालों के लिए 5, 14 और 23 तारीख बेहद शुभ साबित होती है. ऐसे में मूलांक 5 वाले लोगों को अपने विशेष कार्यों को इन्हीं तारीखों में करने का प्रयास करना चाहिए. इसी प्रकार यह नंबर इनके जीवन में भी बहुत मायने रखता है. इनके जीवन का 5वां, 14वां, 23वां, 32वां, 41वां,50वां, और 59वां साल अत्यंत ही महत्वपूर्ण साबित होता है.

मूलांक 5 वालों का शुभ दिन (Auspicious Days for Number 5)
मूलांक 5 वालों के लिए सप्ताह का बुधवार, गुरुवार और शुक्रवार का दिन गुडलक लिए रहता है. ऐसे में आपको महत्वपूर्ण कार्यों को करने के लिए इन्हीं दिनों का चयन करना चाहिए. यदि इन दिनों पर 5, 14 और 23 तारीखें पड़ें तो सोने पर सुहागा वाली स्थिति रहेगी.
मूलांक 5 वालों का लकी कलर (Lucky Colors for Number 5)
मूलांक 5 वाले लोगों के लिए हल्का हरा, हल्का खाकी, सफेद आदि उजले रंग शुभ साबित होते हैं. ऐसे में इन जातकों को इन रंगों के अधिक से अधिक कपड़े पहनने चाहिए. अगर प्रतिदिन इन रंगों के कपड़े न पहन सकें इस कलर की टाई, रुमाल, मोजे, चद्दर, तौलिया आदि को दैनिक प्रयोग में लाएं.
मूलांक 5 वालों के लिए उपाय (Best Remedy for Number 5)
मूलांक 5 वालों के लिए बुध का रत्न पन्ना लकी साबित होता है. ऐसे में आपको किसी ज्योतिषी की सलाह लेकर इसे शुभ दिन और शुभ समय में बुध के मंत्रों से अभिमंत्रित एवं पूजित करने के बाद धारण करना चाहिए.
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं