Chhatarpur Hanuman Statue : मध्य प्रदेश के छतरपुर में हनुमान जयंती के मौके पर आस्था, भव्यता और भीड़ का ऐसा संगम देखने को मिला, जिसने इस आयोजन को खास बना दिया. यहां 2 अप्रैल को हनुमान प्रकट्योत्सव के मौके पर 51 फीट ऊंची अष्टधातु से बनी बजरंगबली की विशाल प्रतिमा का अनावरण किया गया, जिसे बनाने में करीब 171 क्विंटल धातुओं का इस्तेमाल हुआ है. जनरई टोरिया मंदिर परिसर में स्थापित यह प्रतिमा दूर से ही श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रही है और अब तेजी से धार्मिक पर्यटन का नया केंद्र बनती नजर आ रही है.
भारतीय शिल्पकला का बेहतरीन नमूना
प्रतिमा की खासियत सिर्फ इसकी ऊंचाई ही नहीं, बल्कि इसकी बनावट भी है. अष्टधातु से बनी यह मूर्ति पारंपरिक भारतीय शिल्पकला का बेहतरीन उदाहरण मानी जा रही है. इस तरह की धातुओं से बनी प्रतिमाएं न सिर्फ ज्यादा टिकाऊ होती हैं, बल्कि धार्मिक रूप से भी विशेष महत्व रखती हैं. इस भव्य आयोजन में बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री भी शामिल हुए, जिनकी मौजूदगी ने कार्यक्रम को और चर्चा में ला दिया. आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे. करीब 50 हजार लोगों ने यहां पहुंचकर दर्शन किए, वहीं बड़े स्तर पर प्रसाद वितरण भी किया गया. मंदिर परिसर में दिन भर श्रद्धा और उत्साह का माहौल बना रहा.
भारी संख्या में पहुंच रहें श्रद्धालु
स्थानीय लोगों के लिए यह सिर्फ एक प्रतिमा नहीं, बल्कि गर्व का विषय बन चुकी है. मंदिर परिसर में प्रतिमा के अनावरण के बाद श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिल रही है. लोग यहां पहुंचकर दर्शन कर रहे हैं और इस भव्य निर्माण के साथ तस्वीरें भी ले रहे हैं. सोशल मीडिया पर भी इस प्रतिमा की तस्वीरें और वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं. कुल मिलाकर, छतरपुर में स्थापित यह 51 फीट ऊंची अष्टधातु की हनुमान प्रतिमा अब सिर्फ एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि आस्था और आकर्षण का नया केंद्र बन चुकी है, जहां श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बढ़ने की उम्मीद है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं