विज्ञापन
This Article is From Mar 30, 2019

मनमोहन सरकार में हुई थी 11 सर्जिकल स्ट्राइक, तेलंगाना के सीएम केसीआर ने किया दावा

तेलंगाना के मुख्यमंत्री के.चंद्रशेखर राव ने दावा किया है कि पिछली मनमोहन सरकार में 11 सर्जिकल स्ट्राइक हुई थी, मगर इसे तत्कालीन सरकार ने चुनावी फायदे के लिए प्रचारित नहीं किया.

मनमोहन सरकार में हुई थी 11 सर्जिकल स्ट्राइक, तेलंगाना के सीएम केसीआर ने किया दावा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से तेलंगाना के सीएम केसीआर के मुलाकात की तस्वीर.
नई दिल्ली:

तेलंगाना के मुख्यमंत्री के.चंद्रशेखर राव ने दावा किया है कि पिछली मनमोहन सरकार में 11 सर्जिकल स्ट्राइक हुई थी, मगर इसे तत्कालीन सरकार ने चुनावी फायदे के लिए प्रचारित नहीं किया. उन्होंने शुक्रवार को दावा किया कि जब वह कांग्रेस के नेतृत्ववाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार में मंत्री थे, उस दौरान भारत की ओर से 11 सर्जिकल स्ट्राइक किए गए थे.राव वर्ष 2004 से 06 तक मनमोहन सिंह के मंत्रिमंडल में श्रम एवं रोजगार मंत्री थे. उन्होंने मिरयालगुडा में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए यह खुलासा किया और वोट के लिए सर्जिकल स्ट्राइक को प्रचारित किए जाने को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आलोचना की.

यह भी पढ़ें- गृहमंत्री राजनाथ सिंह का बड़ा खुलासा, भारत ने सीमा पार जाकर 5 साल में 3 सर्जिकल स्ट्राइक किये

उन्होंने कहा, "जब मैं संप्रग सरकार में कैबिनेट मंत्री था, उस समय 11 सर्जिकल स्ट्राइक किए गए थे, लेकिन सेना से बाहर कभी इसे प्रचारित नहीं किया गया. वे सर्जिकल हमले सेना और हमारे द्वारा किए गए। ये सीमा पर किए गए."तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) प्रमुख ने यह बात मोदी के इस दावे कि पाकिस्तान के बालाकोट में एयर स्ट्राइक से 300 लोग मारे गए और जैश-ए-मोहम्मद के सरगना मसूद अजहर के यह कहने कि एक चींटी तक नहीं मरा, के संदर्भ में कही.

IAF की बालाकोट स्ट्राइक पर दिग्विजय सिंह ने PM मोदी से पूछा- देश जानना चाहता है कि झूठा कौन है?

तेलंगाना में मोदी की रैली के कुछ ही घंटों बाद अपनी पार्टी की रैली में उन्होंने 'राजनीतिक हिंदुत्व' के आह्वान को लेकर मोदी और भाजपा की निंदा की.केसीआर ने कहा, "वे छद्म हिंदू हैं. हम असली हिंदू हैं. हममें भक्तिभाव है. उनका राजनीतिक हिंदुत्व है, जिसका मकसद केवल वोट बटोरना है."उन्होंने कहा कि भाजपा और कांग्रेस लोगों को बताए कि वे देश में उपलब्ध जल संसाधन और बिजली का उपयोग करने में क्यों विफल रहीं. वे 70 साल देश पर राज करने के बावजूद वास्तविक समस्याएं हल करने में क्यों विफल रहीं.

राष्ट्रीय राजनीति में गुणवत्तापूर्ण बदलाव की अपनी चाहत को दोहराते हुए केसीआर ने भविष्यवाणी की कि केंद्र में अगली सरकार क्षेत्रीय पार्टियां बनाएंगी. उन्होंने कहा, "भाजपा की अगुवाई वाला राजग 150 सीटों के आंकड़े को पार नहीं कर पाएगा और कांग्रेस 100 से ज्यादा सीटें नहीं ला पाएगी. चुनाव परिणाम 23 मई को आने के बाद इस देश पर क्षेत्रीय पार्टियां राज करेंगी." (इनपुट-IANS)

वीडियो- पिछले 5 साल में भारत ने की तीन सर्जिकल स्ट्राइक : राजनाथ सिंह 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
KCR, LoksabhaPolls20019, Surgical Strike, Manmohan Government
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com