विज्ञापन
This Article is From Dec 30, 2019

Delhi Weather Today : शिमला से भी ठंडी दिल्ली, छाई है भीषण धुंध की चादर

सोमवार की सुबह राष्ट्रीय राजधानी भीषण कोहरे की गिरफ्त में रही और इस दौरान दृश्यता बेहद कम रही. कोहरे के चलते ट्रेन एवं विमान सेवाएं प्रभावित रहीं.

  • भीषण ठंड से कांपी दिल्ली
  • शिमला से भी कम तापमान
  • भीषण कोहरे की वजह थमी रफ्तार
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
नई दिल्ली:

सोमवार की सुबह राष्ट्रीय राजधानी भीषण कोहरे की गिरफ्त में रही और इस दौरान दृश्यता बेहद कम रही। कोहरे के चलते ट्रेन एवं विमान सेवाएं प्रभावित रहीं. कुछ वेधशालाओं में दृश्यता नहीं के बराबर दर्ज की गई. न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि इसी समय शिमला का तापमान 3 डिग्री सेल्सियस था. दिल्ली में हवा में नमी का स्तर 100 प्रतिशत दर्ज किया गया. दिल्ली की वायु गुणवत्ता सुबह आठ बजकर 38 मिनट पर गंभीर श्रेणी में दर्ज की गई. इस दौरान एक्यूआई 450 रहा. सफदरजंग और पालम वेधशालाओं में सुबह साढ़े आठ बजे दृश्यता शून्य मीटर दर्ज की गई. वहीं सुबह साढ़े पांच बजे सफदरजंग में दृश्यता 100 मीटर और पालम में शून्य मीटर दर्ज की गई थी.

घने कोहरे के चलते तीन उड़ानों का मार्ग दिल्ली हवाई अड्डे से परिवर्तित कर दिया गया लेकिन सुबह सात बजे के एक अपडेट के मुताबिक, हवाईअड्डे के एक अधिकारी ने कहा, “अब तक कोई भी उड़ान रद्द नहीं की गई.” रेलवे के एक अधिकारी के मुताबिक 30 ट्रेनें देरी से चल रही हैं और यह देरी दो से साढ़े सात घंटे के बीच है. दिल्ली-भुवनेश्वर राजधानी साढ़े सात घंटे की देरी से चल रही है.     मौसम वैज्ञानिकों ने दिन भर आसमान साफ रहने और अधिकतम तापमान 16 डिग्री के आस-पास रहने का अनुमान जताया है. साथ ही उन्होंने दिल्ली-एनसीआर में कुछ स्थानों पर जबर्दस्त ठंड रहने का अनुमान जताया है.

मंगलवार को भी इसी तरह का कोहरा देखने को मिल सकता है और न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहने की संभावना है. राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार, 28 दिसंबर इस मौसम के सबसे ठंडे दिन के तौर पर दर्ज किया गया जब न्यूनतम तापमान सुबह 2.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया था. रविवार को दिल्ली के विभिन्न स्थानों पर न्यूनतम तापमान अलग-अलग दर्ज किया गया. आयानगर में यह 2.5 डिग्री, लोधी रोड में 2.8 डिग्री, पालम में 3.2 डिग्री और सफदरजंग में 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. कल शाम को औसत अधिकतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. 

न्यूज नॉन-स्टॉप: दिल्ली-एनसीआर में घने कोहरे की चादर​

(हेडलाइन के अलावा, इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है, यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com