विज्ञापन
This Article is From Jan 12, 2017

दिल्ली में बुधवार रहा सीजन का सबसे सर्द दिन, 13 जनवरी के बाद शीतलहर में कमी की संभावना

दिल्ली में बुधवार रहा सीजन का सबसे सर्द दिन, 13 जनवरी के बाद शीतलहर में कमी की संभावना
दिल्ली में बुधवार को कड़ाके की ठंड रही
नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार को तेज ठंड रही. यहां न्यूनतम तापमान में चार डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई. यह मौसम के औसत तापमान से 3 डिग्री नीचे रहा और सीजन का सबसे कम तापमान रहा.

मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में कहा कि बारिश की संभावना नहीं है और शीत लहर में 13 जनवरी के बाद कमी आएगी. बीते पांच दिनों में पहाड़ी राज्यों में हुई बर्फबारी के बाद बर्फीली हवाओं के चलने से मैदानी भागों में ज्यादातर जगहों पर तापमान में कमी आई है.

उत्तर भारत के विभिन्न इलाकों में बुधवार को शीतलहर का असर तेज हो गया. जम्मू-कश्मीर में भी शीतलहर का तेज असर जारी है. श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 4.1 डिग्री सेल्सियस नीचे और अधिकतम तापमान 6.2 डिग्री दर्ज किया गया. मौसम विभाग ने कहा कि शुष्क मौसम के अगले 48 घंटों के बने रहने के दौरान रात के तापमान में आगे और गिरावट आ सकती है.

पहलगाम में न्यूनतम तापमान में शून्य से 12.4 डिग्री सेल्सियस की कमी आई और गुलमर्ग में यह शून्य से 13 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया. हिमाचल प्रदेश के पर्यटक केंद्र शिमला और मनाली में भारी ठंड रही. यहां न्यूनतम तापमान क्रमश: शून्य से 3.2 डिग्री और 6.6 डिग्री नीचे दर्ज किया गया. मनाली का अधिकतम तापमान 2.8 डिग्री रहा जो सामान्य से आठ डिग्री नीचे रहा.

पंजाब का अमृतसर मैदानी भागों में सबसे ठंडा स्थान रहा. यहां न्यूनतम तापमान 0.9 डिग्री और अधिकतम 17.6 डिग्री दर्ज किया गया. लुधियाना और पटियाला में यह क्रमश: 1.6 डिग्री और 2.7 डिग्री दर्ज किया गया. यह सामान्य से 4 डिग्री कम रहा.

चंडीगढ़ में भी न्यूनतम तापमान के 2.4 डिग्री पहुंच जाने से लोगों को कड़ी ठंड का सामना पड़ा. पड़ोसी राज्य उत्तराखंड में बर्फबारी होने के कारण उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में शीत लहर के कारण बुधवार को ठंड में बढ़ोतरी हुई.
एक अधिकारी ने बुधवार को कहा कि लखनऊ में ठंड के कारण सभी स्कूलों को 15 जनवरी तक बंद रखने को कहा गया है.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
ठंड, दिल्ली में सर्दी, बर्फबारी, कोहरा, शीत लहर, Delhi Cold, Cold Wave, Delhi Weather
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com