पंजाब के लुधियाना के पक्खोवाल रोड स्थित विकास नगर में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. ऑस्ट्रेलिया से करीब 4 दिन पहले लौटी 49 वर्षीय महिला की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. महिला का शव घर के बेडरूम में खून से लथपथ हालत में जमीन पर पड़ा मिला. उसके शरीर पर चाकू से कई वार किए गए थे. पुलिस ने हत्या के आरोप में महिला के पति रविंदर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है. मृतका की पहचान कमलदीप कौर के रूप में हुई है. वारदात का पता चलने पर परिजन उसे दीप अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
बेटे को सामान लेने भेजा, पीछे से मां की हत्या
मृतका के बेटे गगनदीप सिंह के मुताबिक, उसके पिता करीब 6 महीने से ऑस्ट्रेलिया में रह रहे थे और शुक्रवार को ही वापस लौटे थे. वह दो दिन पहले पिता को अमृतसर एयरपोर्ट से लेकर आया था. बेटे ने बताया कि उसके पिता मां पर शक करते थे और दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था.
गगनदीप के अनुसार, शनिवार शाम करीब साढ़े 4 से 5 बजे वह सामान लेने घर से बाहर गया था. वापस लौटा तो मां खून से लथपथ जमीन पर पड़ी थी. उसके शरीर पर चाकू से कई वार किए गए थे. बेटे का आरोप है कि पिता ने रसोई में चाकू धोकर रख दिया था और मां का शव बेडरूम में पड़ा था.
पड़ोसन ने सुनी बेटे की चीखें
पड़ोसन नरिंदर कौर ने बताया कि वह गुरुद्वारे से लौट रही थी. घर का गेट खुला देखकर उसने आवाज लगाई. तभी अंदर से बेटे के चिल्लाने की आवाज आई. उसने बताया कि बेटा कह रहा था कि आंटी जल्दी आओ, मम्मी को मार दिया है.
थाना दुगरी के SHO गुरमुख सिंह ने बताया कि महिला की पीठ और पेट पर चाकू से वार किए गए, जिससे नसें कट गईं. पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है. हत्या के पीछे की वजह और पति-पत्नी के बीच हुए विवाद की जांच की जा रही है.
यह भी पढ़ें: भारत की पहली स्वदेशी बुलेट ट्रेन B28 की मिली झलक, 8 कोच, 550 यात्री और हाई स्पीड, रेल मंत्री ने परखी तैयारी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं