- दिल्ली के मालवीय नगर में 54 वर्षीय महिला ने अपनी दो बेटियों की कथित हत्या कर खुदकुशी की कोशिश की थी
- पुलिस ने महिला का मेडिकल और मनोवैज्ञानिक परीक्षण के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया है और पूछताछ जारी है
- बड़ी बेटी मानसिक रूप से अस्वस्थ थी और दम घोंटकर मारी गई, जबकि छोटी बेटी फंदे से लटकी मिली थी
दिल्ली के मालवीय नगर इलाके से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई ह. यहां एक 54 वर्षीय महिला पर अपनी ही दो बेटियों की कथित तौर पर हत्या करने और उसके बाद खुदकुशी की कोशिश करने का आरोप है. पुलिस ने घटना के कई दिन बाद आरोपी महिला का मेडिकल और मनोवैज्ञानिक परीक्षण कराने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया है. यह घटना 6 मार्च की है. पुलिस को सूचना मिली थी कि घर का दरवाजा काफी देर से नहीं खुल रहा है. जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर घुसी, तो घर के अंदर का दृश्य बेहद भयावह था, जिसे देखकर सभी हैरान रह गए.
अलग‑अलग कमरों में मिलीं दोनों बेटियों की लाशें
पुलिस को घर के अलग‑अलग कमरों में दोनों बेटियों के शव मिले. बड़ी बेटी, जिसकी उम्र करीब 34 साल थी और जो मानसिक रूप से अस्वस्थ बताई जा रही है, उसके चेहरे पर तकिया रखा हुआ था. इससे संकेत मिलता है कि उसकी दम घोंटकर हत्या की गई. वहीं, 28 साल की छोटी बेटी, जो कानून की पढ़ाई कर रही थी, उसका शव दूसरे कमरे में फंदे से लटका मिला.
ये भी पढ़ें : दिल्ली : टेस्ट ड्राइव के बहाने शोरूम से लग्जरी बाइक लेकर रफूचक्कर होने वाला गिरफ्तार, 6 सुपर बाइक बरामद
मां भी मिली बेहोशी की हालत में
इसी घर में दोनों बेटियों की मां भी बेहोशी की हालत में पाई गई. जांच में सामने आया कि बेटियों की कथित हत्या के बाद महिला ने खुद भी जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की थी. पुलिस ने तुरंत महिला को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज किया गया. इसके बाद डॉक्टरों की टीम ने उसका मनोवैज्ञानिक परीक्षण भी किया.
घरेलू तनाव और आर्थिक तंगी
जांच के दौरान सामने आए तथ्यों ने इस मामले को और गंभीर बना दिया है. पुलिस के मुताबिक महिला लंबे समय से मानसिक तनाव से गुजर रही थी. उसके अपने पति के साथ संबंध ठीक नहीं थे और दोनों के बीच अक्सर विवाद होते रहते थे. इसके अलावा परिवार की आर्थिक स्थिति भी काफी खराब थी और वे दूसरों पर निर्भर थे.
बड़ी बेटी को लेकर थी सबसे ज्यादा चिंता
पुलिस के अनुसार महिला को सबसे ज्यादा चिंता अपनी बड़ी बेटी को लेकर थी, जो मानसिक रूप से अस्वस्थ थी. उसकी देखभाल, इलाज और भविष्य को लेकर महिला पर लगातार दबाव बना हुआ था. इन सभी कारणों ने मिलकर महिला को इस हद तक तोड़ दिया कि उसने इतना खौफनाक कदम उठा लिया.
ये भी पढ़ें ; सरिता विहार हत्याकांड: 50 हजार का इनामी बदमाश गुजरात से गिरफ्तार, 3 राज्यों में पीछा कर मिली कामयाबी
गिरफ्तारी के बाद पूछताछ जारी
मामले में पुलिस ने शुरुआत में हत्या और आत्महत्या की कोशिश का केस दर्ज किया था. अब महिला की गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना की पूरी कड़ियों को जोड़ा जा सके. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस मामले में किसी और की कोई भूमिका तो नहीं है, या फिर यह पूरी तरह से घरेलू तनाव और मानसिक दबाव का ही नतीजा है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं