देश की राजधानी दिल्ली में रंगदारी न देना एक प्रॉपर्टी डीलर को इतना भारी पड़ा कि दिल्ली के बदमाशों ने उसकी जान ले ली. ये मामला दिल्ली के विकासपुरी इलाके का है जब गुरुवार रात अमित कोचर को कुछ लोगों ने घर के बाहर बुलाया और 9 गोलियां मारीं. उनकी मौके पर ही मौत हो गयी. इस मामले में पुलिस ने एक नाबालिग को पकड़ा है. हत्या में शामिल 4 और लोगों की तलाश की जा रही है. पुलिस के मुताबिक ये हत्या एक करोड़ की रंगदारी न देने के चलते हुई.
रंगदारी मांगने वाला सूर्या गैंग है और उसी गैंग के 5 गुर्गों ने इस वारदात को अंजाम दिया था. इस मामले की जांच में लगी क्राइम ब्रांच के मुताबिक सूर्या दिल्ली के कुख्यात गैंगस्टर मंजीत महल का भतीजा है. इसके पहले सूर्या गैंग 6 वारदातों को अंजाम दे चुका है. बिंदापुर में एक डॉक्टर से एक करोड़ की रंगदारी मांगी गई, राजस्थान में क्रेटा गाड़ी के ड्राइवर का अपरहण और लूट, नजफगढ़ में गैंगवार में एक बदमाश को सूर्या गैंग ने गोली मारी, जनकपुरी में 15 लाख की लूट की वारदात की.
24 घंटे में पांच मर्डर: CM केजरीवाल ने उठाए 'कानून-व्यवस्था' पर सवाल तो दिल्ली पुलिस ने दिया यह जवाब
पुलिस ने नाबालिग के पास से ह्यूंडई क्रेटा बरामद की है और तीन पिस्तौल के साथ 20 कारतूस भी बरामद किये हैं. सूर्या गैंग में 15 मेंबर काम करते हैं और दिल्ली में ताबड़तोड़ वारदातों को ये गैंग अंजाम दे रहा है. सूर्या गैंग को पता चल गया था कि अमित कोचर के पास काफी पैसा है इसलिए उससे एक करोड़ की रंगदारी मांगी गई थी. पुलिस सूर्या और उसके बाकी साथियों की तलाश कर रही है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं