- असम विधानसभा चुनाव से पहले PM नरेंद्र मोदी ने बारापेटा में भाजपा की हैट्रिक और कांग्रेस की हार की बात कही.
- PM मोदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने के लिए संकीर्ण दृष्टिकोण अपना रही है.
- उन्होंने कहा कि भाजपा जनता के सामने अपने कार्यों का साफ रिपोर्ट कार्ड रखती है जबकि कांग्रेस ऐसा नहीं करती.
असम विधानसभा चुनाव मतदान को अब कम ही वक्त बचा है. ऐसे में हर पार्टी असम के चुनावी रण में अपनी आवाज बुलंद कर रही है. असम के बारापेटा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों को संबोधित किया. इस दौरान पीएम मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि शाही परिवार की हार की सेंचुरी लगेगी. साथ ही उन्होंने कहा कि भाजपा जो कहती है, वो करके दिखाती है.
बारपेटा जिले के भवानीपुर-सोरभोग में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि असम की जनता ने इस बार दो काम पक्के कर लिए हैं. एक तो इस बार असम में भाजपा-एनडीए की हैट्रिक लगेगी और दूसरा काम, कांग्रेस के शाही परिवार के नामदार जो दिल्ली में बैठे हैं, उनकी हार की सेंचुरी का रिकॉर्ड भी असम के लोग ही बनवाएंगे. साथ ही उन्होंने कहा कि कांग्रेस भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने के लिए संकीर्ण दृष्टिकोण अपना रही है, जबकि भाजपा की योजना दीर्घकालिक विकास की है.
🔴#WATCH | असम के बारपेटा से PM मोदी LIVE https://t.co/emoaCt7vuz
— NDTV India (@ndtvindia) April 6, 2026
असम की पहचान को दुनिया में बुलंद करना है: PM मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि बीते 10 साल असम की पहचान को बचाने के थे. अब हमें असम की पहचान को दुनिया में बुलंद करना है. उन्होंने कहा कि आपका वोट इस बार विकसित असम के निर्माण की नींव को मजबूत करने वाला है. उन्होंने कहा कि आप सब जानते हैं कि भाजपा जो कहती है, वो करके दिखाती है.
कांग्रेस जनता के बीच रिपोर्ट कार्ड लेकर नहीं जाती: PM मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि देश के जिन एक-दो राज्यों में कांग्रेस की सरकारें बची हैं, वहां पर कांग्रेस जनता के बीच कभी अपना रिपोर्ट कार्ड लेकर के नहीं जाती है. उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार साफ नीयत से जनता को बताती है कि हमने जनता की सेवा के लिए क्या किया.
भाजपा के स्थापना दिवस पर भी बोले पीएम मोदी
भाजपा का आज स्थापना दिवस भी है. इसे लेकर पीएम मोदी ने देश और दुनिया में मौजूद भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दी और कहा कि ‘राष्ट्र प्रथम' के मंत्र के साथ हम सभी मां भारती की सेवा में समर्पित भाव से जुटे हुए हैं. उन्होंने कहा कि हमारा संकल्प देश को विकसित बनाना है. इसी संकल्प के साथ इस चुनाव में भी भाजपा आप सभी से अपना आशीर्वाद मांग रही है.
संसद-विधानसभाओं में महिलाओं की भूमिका जरूरी: पीएम मोदी
उन्होंने कहा कि विकसित भारत बनाने के लिए विधानसभाओं और संसद में महिलाओं की भूमिका जरूरी है, इसलिए हमारी सरकार ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित किया था. इसमें महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण तय हुआ है. उन्होंने कहा कि देश की बहन बेटियों ने इसका 40 सालों तक इंतजार किया है. इसलिए यह जरूरी है 2029 के लोकसभा चुनाव से ही महिलाओं को ये हक मिले.
इसके लिए कानून में संशोधन जरूरी है. सरकार ने इसके लिए 16 अप्रैल से संसद का एक विशेष सत्र बुलाया है. हमने देश की सभी पार्टियों से इसकी चर्चा की है और सभी से कहा है कि देश की बहनों बेटियों के हक से जुड़े इस काम को सर्वसम्मति से आगे बढ़ाएं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं