विज्ञापन
This Article is From Jan 19, 2019

दिल्ली : आरएसएस के नेताओं की हत्या की साजिश रचने वाले तीन गिरफ्तार

ये लोग पकिस्तान के इशारे पर लोकसभा चुनाव के ठीक पहले दक्षिण भारत के कुछ वीवीआईपी और आरएसएस से जुड़े लोगों की हत्या कर दंगा फैलाने की साज़िश रच रहे थे.

साजिश के पीछे दाऊद इब्राहिम का हाथ बताया जा रहा है
नई दिल्ली:

मैंगलोर में आरएसएस के नेताओं के कत्ल का प्लान रचने के मामले में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार तीनों आरोपियों में से एक अफगानिस्तान का रहने वाला है. ये लोग पकिस्तान के इशारे पर लोकसभा चुनाव के ठीक पहले दक्षिण भारत के कुछ वीवीआईपी और आरएसएस से जुड़े लोगों की हत्या कर दंगा फैलाने की साज़िश रच रहे थे. वली मोहम्मद, शेख रियाजुद्दीन और तस्लीम ये तीन वो लोग हैं जो 2 करोड़ की सुपारी लेकर दक्षिण भारत के कुछ वीवीआईपी और आरआरएस से जुड़े लोगों की हत्या कर बड़े पैमाने पर लोकसभा चुनाव के ठीक पहले दंगा कराने की फिराक में थे. ये काम इन्हें पाकिस्तान के इशारे पर अंडरवर्ल्ड ने सौंपा था, ये दावा है दिल्ली पुलिस का.

पुलिस के मुताबिक वली मोहम्मद अफगानिस्तान का रहने वाला है, रियाजुद्दीन दिल्ली के मदनगीर इलाके का जबकि तस्लीम केरल का रहने वाला है. दरअसल बीते 9 जनवरी को दिल्ली पुलिस ने एक कॉल इंटरसेप्ट किया. बातचीत में विदेश में बैठा एक शख्स दक्षिण भारत के कुछ बड़े लोगों की हत्या की सुपारी दे रहा था. उसके बाद 11 जनवरी को दिल्ली से वली मोहम्मद और रियाजुद्दीन को हथियारों के साथ पकड़ा गया. इन दोनों ने बताया कि सुपारी देने वालों में एक केरल का भी शख्स है. फिर पुलिस ने केरल से तस्लीम को गिरफ्तार किया.

राहुल गांधी ने लुधियाना में RSS कार्यकर्ता की हत्या की निंदा की, बोले- हिंसा अस्वीकार्य

तस्लीम ने बताया कि उसे हत्याओं की सुपारी पाकिस्तान में बैठे गुलाम रसूल पट्टी ने दी है. इस साज़िश में पट्टी का भाई इदरीश खान भी शामिल है जो केरल में ही रहता है. गुलाम रसूल पट्टी दाऊद का बेहद करीबी है, जो गुजरात में हरेन पांड्या हत्याकांड में नाम आने के बाद पाकिस्तान भाग गया था. पुलिस अब इस मामले में इदरीश खान की तलाश कर रही है.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com