विज्ञापन
This Article is From Jun 28, 2025

रिश्तों का कत्ल... बदनामी का डर था तो पिता ने सुपारी देकर अपने ही बेटे की करा दी हत्या

अमरोहा के पुलिस अधीक्षक अमित आनंद ने बताया कि दीपक के दूसरी बिरादरी की महिला से संबंध थे, जिससे पिता सतेंद्र नाराज था. उसी ने सुपारी देकर हत्या कराई है. पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

रिश्तों का कत्ल... बदनामी का डर था तो पिता ने सुपारी देकर अपने ही बेटे की करा दी हत्या
पुलिस ने हत्या के चारों आरोपियों को पेश कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी.
X : @amrohapolice
  • उत्तर प्रदेश के अमरोहा में पिता ने अपने बेटे की हत्या के लिए सुपारी दी.
  • बेटा दीपक शराब का आदी था और एक महिला से प्रेम संबंध में था.
  • पिता ने दोस्त के जरिए दो शूटरों को हत्या के लिए 2.7 लाख रुपये दिए.
  • पुलिस ने मामले का खुलासा करके चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
अमरोहा:

उत्तर प्रदेश से रिश्तों को शर्मसार करने वाली खबर है. एक पिता को समाज में बेइज्जती इतनी नागवार गुजरी कि अपने ही बेटे की हत्या के लिए सुपारी दे दी. दो शूटर बहला-फुसलाकर बेटे को ले गए. पहले फावड़े से वार किया, फिर गोली मारकर हत्या कर दी. पहचान छिपाने के लिए कपड़े उतारकर शव खेत में फेंक दिया. पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए पिता समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

मामला उत्तर प्रदेश के अमरोहा का है. अमरोहा के थाना रजबपुर इलाके में 23 जून को मढैय्या गांव के खेत में एक युवक का शव बरामद हुआ. जांच में उसकी पहचान दीपक निवासी गालिबयाडा के रूप में हुई. शुरुआत में उसके पिता सतेन्द्र ने अज्ञात लोगों पर बेटे की हत्या का आरोप लगाया, लेकिन पुलिस ने गहराई से छानबीन की तो चौंकाने वाला सच सामने आया.

पुलिस के मुताबिक, बेटा दीपक शराब का आदी था. उसका एक महिला से प्रेम प्रसंग चल रहा था. दीपक अपनी कथित प्रेमिका को लेकर फरार भी हो गया था. इससे पिता सतेंद्र को समाज में अपनी बेइज्जती महसूस हुई. इसे लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता था. दीपक संपत्ति में अपना हिस्सा भी मांग रहा था. अपनी कथित प्रेमिका को फिर से घर लाने की जिद पर भी अड़ा हुआ था.

पुलिस का कहना है कि इसी बात से नाराज होकर सतेंद्र ने अपने बेटे की हत्या की साजिश रच डाली. सतेन्द्र ने अपने दोस्त उमर के जरिए रहीस और जरीफ नाम के दो शूटरों से संपर्क किया. 2 लाख 70 हजार रुपये में बेटे की हत्या का सौदा तय किया. 22 जून की शाम दीपक को घूमने के बहाने से उमर के घर बुलाया, जहां उसे शराब पिलाई. 

पुलिस के मुताबिक, दीपक को शराब पिलाने के बाद रात करीब साढ़े दस बजे रहीस और जरीफ उसे बाइक पर बैठाकर नहर किनारे ले गए. पहले फावड़े से वार किया, फिर गोली मारकर हत्या कर दी गई. पहचान मिटाने के लिए उसके कपड़े उतार दिए. हत्या के बाद शव को ईख के खेत में फेंक दिया. हत्या में इस्तेमाल तमंचा, फावड़ा और मोबाइल नहर और सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए. इसके अगले दिन सतेन्द्र ने उमर को सुपारी के बाकी एक लाख रुपये दे दिए.

पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा करते हुए पिता सतेंद्र समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपियों के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल अवैध तमंचा, फावड़ा, मृतक की मोटरसाइकिल और सुपारी के एक लाख 70 हजार रुपये भी बरामद करने का दावा किया है.

पुलिस अधीक्षक अमित आनंद ने बताया कि दीपक के दूसरी बिरादरी की महिला से संबंध थे, जिससे पिता नाराज था. उसी ने सुपारी देकर हत्या कराई है. पुलिस और एसओजी टीम ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार करने वाली टीम 25 हजार रुपए का इनाम दिया गया है.
( अमरोहा से अफसर अली की रिपोर्ट)
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Amroha, Uttar Pradesh, Amroha Murder, Amroha Honor Killing
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com