विज्ञापन
This Article is From Dec 24, 2017

यूपी : अपहरण कांड में पूर्व मंत्री के बेटे समेत तीन आरोपी गिरफ्तार

पुलिस सूत्रों ने लखनऊ में बताया कि 23 दिसंबर को अमित जायसवाल नामक व्यक्ति ने अपने बेटे शिवम का अपहरण करके उसे गोरखपुर ले जाए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी.

यूपी : अपहरण कांड में पूर्व मंत्री के बेटे समेत तीन आरोपी गिरफ्तार
प्रतीकात्मक चित्र
लखनऊ: अपहरण के एक मामले में पुलिस ने उत्तर प्रदेश के पूर्व श्रम मंत्री बादशाह सिंह के बेटे समेत तीन आरोपियों को रविवार को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस सूत्रों ने लखनऊ में बताया कि 23 दिसंबर को अमित जायसवाल नामक व्यक्ति ने अपने बेटे शिवम का अपहरण करके उसे गोरखपुर ले जाए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी. मामले की जांच के दौरान अपहृत व्यक्ति के महोबा जिले में मौजूद होने की सूचना पर खरेला गांव में पुलिस ने दबिश देकर तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया और उनकी निशानदेही पर अपहृत शिवम को मुक्त करा लिया. पकड़े गए आरोपियों में सूर्यदेव सिंह, राजेश सिंह और गुन्नू नामक व्यक्ति शामिल हैं. सूर्यदेव प्रदेश के पूर्व श्रम मंत्री बादशाह सिंह का बेटा है. पुलिस के मुताबिक शिवम ने बताया है कि सूर्यदेव से उसकी दोस्ती चार-पांच महीने पहले फेसबुक के जरिये हुई थी. पिछली 22 दिसंबर को उसकी लखनऊ के पत्रकारपुरम में उससे मुलाकात हुई थी.

यह भी पढ़ें : फिल्म देखकर 11वीं के छात्र ने बच्‍ची को किया किडनैप, फिरौती न मिलने पर बाल्टी में डूबो कर मार डाला

शिवम ने बताया कि इस दौरान उसने सूर्यदेव से कुछ रुपयों की मांग की थी जिस पर उसने अगले दिन गोमती नगर स्थित जनेश्वर मिश्र पार्क में आकर पैसे देने की बात कही थी. अगले दिन पार्क पहुंचने पर सूर्यदेव ने उसे बहला-फुसलाकर अपनी गाड़ी में बैठा लिया और उससे घर पर फोन करके गोरखपुर जाने की बात कहने को कहा.

यह भी पढ़ें : दिल्ली पुलिस की मुस्तैदी, 36 घंटे में पकड़े गए 5 करोड़ की फिरौती मांगने वाले किडनैपर

शिवम का आरोप है कि सूर्यदेव उसे लेकर अपने गांव के फार्म हाउस पर गया जहां उसके साथ मारपीट करके उसे कमरे में बंद कर दिया. साथ ही यह भी कहा कि कल नया सिम कार्ड लेकर तुम्हारे पिता से 50 लाख रुपए फिरौती मांगी जाएगी.

VIDEO : अपराध के आंकड़ों में यूपी सबसे ऊपर
बहरहाल, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com