जिंबाब्वे के अनुभवी खिलाड़ी ब्रेंडन टेलर मंगलवार को हरारे में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले वनडे मैच में मैदान पर उतरते ही इतिहास रच दिया. इस मैच का हिस्सा बनने के साथ ही ब्रेंडन टेलर ने सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ दिया. और वह पुरुष वनडे इतिहास में सबसे लंबे करियर वाले खिलाड़ी बनकर सचिन तेंदुलकर से इस मामले मे आगे निकल गए हैं. टेलर का वनडे करियर अब 22 साल और चार महीने का हो गया है, जो उन्हें तेंदुलकर से आगे ले जाता है. सचिन का वनडे करियर 2012 में संन्यास लेने से पहले 22 साल और तीन महीने तक चला था. हालांकि, तेंदुलकर अभी भी 18,426 रनों के साथ सबसे अधिक वनडे रन और 463 मैचों के साथ इस प्रारूप में सबसे अधिक मैच खेलने का रिकॉर्ड रखते हैं.
निलंबन के बाद लौटे टेलर
फिलहाल 40 वर्षीय टेलर ने साल 2004 में अपना वनडे डेब्यू किया था और वे ज़िम्बाब्वे के प्रमुख बल्लेबाजों में से एक बन गए. मंगलवार के मैच में उतरने से पहले उन्होंने 207 मैचों में राष्ट्रीय रिकॉर्ड के रूप में 11 वनडे शतक बनाए थे. टेलर ने 2021 में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था, लेकिन 2022 में उन्हें आईसीसी (ICC) के भ्रष्टाचार-रोधी और डोपिंग-रोधी नियमों के उल्लंघन के लिए साढ़े तीन साल का प्रतिबंध झेलना पड़ा था. निलंबन अवधि पूरी करने के बाद वे 2025 में संन्यास से बाहर आ गए, क्योंकि जिंबाब्वे ने दक्षिण अफ्रीका और नामीबिया के साथ मिलकर 2027 वनडे विश्व कप की सह-मेजबानी की तैयारियां शुरू कर दी थीं.
इस बीच, ऑस्ट्रेलिया ने मंगलवार को टॉस जीतकर 12 वर्षों में ज़िम्बाब्वे में अपने पहले वनडे में मैच में बल्लेबाजी करने का फैसला किया. ऑस्ट्रेलियाई कप्तान मिचेल मार्श दोनों टीमों के उन तीन खिलाड़ियों में से एक हैं जिन्होंने ज़िम्बाब्वे में खेला गया पिछला वनडे भी खेला था, जिसे मेजबान टीम ने जीता था. ज़िम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रज़ा और ब्रेंडन टेलर अन्य दो खिलाड़ी हैं, जो साल 2014 की उस प्रसिद्ध ज़िम्बाब्वे जीत में खेले थे. मैच में खेल रहीं दोनों टीमों की फाइनल XI इस प्रकार हैं:-
ऑस्ट्रेलिया: मिचेल मार्श (कप्तान), ट्रैविस हेड, कूपर कॉनॉली, जोश इंगलिस, एलेक्स केरी, मैट रेनशॉ, ओली पीक, जेवियर बार्टलेट, नाथन एलिस, एडम ज़म्पा, स्पेंसर जॉनसन।
ज़िम्बाब्वे: ब्रायन बेनेट, बेन कुरेन, इनोसेंट काया, ब्रेंडन टेलर, क्रेग एर्विन, सिकंदर रज़ा (कप्तान), वेसली मधेवेरे, ब्रैड इवांस, न्यूमैन न्यामहुरी, वेलिंगटन मसाकाद्ज़ा, ब्लेसिंग मुज़ारबानी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं