Sunil Gavaskar's blunt verdict on DC's 1-run heartbreak: दिल्ली कैपिटल्स को मिली 1 रन से हार के बाद पूर्व कप्तान सुनिल गावस्कर ने डेविड मिलर के विनिंग रन न बनाने पर अपनी राय दी है. और माना है कि यहां एक बड़ी चूक हुई है. गावस्कर ने माना कि मिलर को आखिरी से दूसरी गेंद पर कुलदीप को स्ट्राइक देनी चाहिए थी, लेकिन उन्होंने मिलर के तरीके में भी कोई गलती नहीं निकाली. मैच के बाद गावस्कर ने कहा, "हां, उन्हें खुद पर भरोसा था कि वे मैच जिताने वाले रन बना लेंगे, लेकिन जिस तरह कुलदीप यादव ने पहली ही गेंद पर गेंद को हल्के से खेलकर एक रन लिया था, उसे देखते हुए शायद उन्हें कुलदीप को स्ट्राइक देनी चाहिए थी. "

गावस्कर ने कहा, "उन्हें स्ट्राइक देनी चाहिए थी..यह सब तो मैच खत्म होने के बाद की बातें हैं, लेकिन सच तो यह है कि जिस तरह से वे पिछले ओवर में और इस ओवर में भी शॉट लगा रहे थे, उन्हें पूरा यकीन था कि वे ऐसा कर सकते हैं . बात बस इतनी सी है. इसलिए आप इसके लिए उन पर कोई दोष नहीं लगा सकते. उन्हें पूरा भरोसा था कि वे ऐसा कर लेंगे, लेकिन वे सफल नहीं हो पाए क्योंकि प्रसिद्ध कृष्णा ने जो गेंद फेंकी थी, वह सचमुच एक बेहतरीन गेंद थी."
1 रन से ऐसे हारा दिल्ली
जीत के लिये 211 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली के लिये केएल राहुल ने 52 गेंद में 11 चौकों और चार छक्कों की मदद से 92 रन बनाये. दिल्ली को आखिरी दो ओवर में 36 रन चाहिये थे और मोहम्मद सिराज ने 19वें ओवर में 23 रन दे डाले. डेविड मिलर (20 गेंद में नाबाद 40) ने उन्हें दो छक्के और दो चौके लगाकर दिल्ली को मैच में बनाये रखा.

आखिरी ओवर में दिल्ली को 13 रन की जरूरत थी और प्रसिद्ध कृष्णा की पहली गेंद पर विपराज निगम ने चौका जड़ दिया. अगली गेंद पर निगम आउट हो गए जबकि चौथी गेंद पर मिलर ने छक्का लगाया.आखिरी गेंद पर दो रन की जरूरत थी लेकिन कुलदीप यादव रन आउट हो गए.दिल्ली ने वाइड गेंद के लिये रिव्यू भी लिया जो नाकाम रहा. गुजरात के लिये अफगानिस्तान के स्टार स्पिनर राशिद ने चार ओवर में सिर्फ 17 रन देकर तीन विकेट लिये.
ये भी पढ़ें- DC vs GT: केएल राहुल का IPL में धमाका, तोड़ दिया Virat Kohli का महारिकॉर्ड, ऐसा करने वाले पहले बल्लेबाज बने'
ये भी पढ़ें- IPL 2026: LSG बनाम KKR, टॉस के समय होगा सुनिल नरेन और वरुण के खेलने पर फैसला
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं