विज्ञापन

समय रैना को मुकेश खन्ना का करारा जवाब, बोले- कुत्ते की दुम टेढ़ी की टेढ़ी रहती है

समय रैना ने एक वीडियो जारी कर अपने उस वक्त को याद किया जब एक विवादित सवाल पर शो चर्चा में आ गया. अपनी बात रखते हुए समय ने मुकेश खन्ना, सुनील पाल, बी प्राक पर भी जवाब कमेंट किया. इस पर अब मुकेश खन्ना ने जवाब दिया है.

समय रैना को मुकेश खन्ना का करारा जवाब, बोले- कुत्ते की दुम टेढ़ी की टेढ़ी रहती है
समय रैना के कमेंट पर मुकेश खन्ना का जवाब
Social Media
नई दिल्ली:

कॉमेडियन समय रैना ने हाल ही में एक नया वीडियो जारी किया है, जिसमें उन्होंने अपने पुराने विवाद और उस दौर में उठे विरोध का जिक्र किया. वीडियो में समय रैना ने कहा कि जब उनका शो विवादों में आया था, तब उनके खिलाफ कई लोग खुलकर खड़े हो गए थे. समय रैना ने सिंगर बी प्राक, कॉमेडियन सुनील पाल और अभिनेता मुकेश खन्ना का नाम लेते हुए दावा किया कि इन सभी ने उनके खिलाफ बयान दिए थे और उनके शो को लेकर आपत्ति जताई थी. समय रैना के इस वीडियो के बाद अब अभिनेता मुकेश खन्ना ने भी सख्त प्रतिक्रिया दी है. अपने बयान में मुकेश खन्ना ने रोस्टिंग कल्चर और अभद्र भाषा को लेकर नाराजगी जाहिर की. उन्होंने कहा कि पहले भी इस तरह के कंटेंट के खिलाफ सोशल मीडिया पर पूरा देश खड़ा हो गया था और उन्हें खुशी हुई थी कि पहली बार लोगों ने ऐसे कार्यक्रमों के खिलाफ खुलकर आवाज उठाई थी.

हालांकि मुकेश खन्ना का कहना है कि कुछ समय बाद हालात फिर से वैसे ही हो गए. उन्होंने कहा, “लेकिन साहब, उसके बाद… बहुत पानी गंगा में बह चुका है.” मुकेश खन्ना ने आगे कहा कि विवाद और आलोचना के बावजूद कुछ लोग बदलने के बजाय उसी रवैये और उसी भाषा के साथ लौट आते हैं. उन्होंने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा कि वही व्यक्ति फिर से यह जताने की कोशिश कर रहा है कि उसकी सोच आज भी नहीं बदली. अभिनेता ने यहां तक कहा कि ऐसे लोगों को अपनी गलतियों पर शर्मिंदा होने के बजाय उन पर गर्व होता है.

यह भी पढ़ें: अल्लू अर्जुन की 800 करोड़ी फिल्म का पहला लुक रिलीज, नाम रखा राका, गंजी खोपड़ी और पैने नाखून देख कहेंगे 2000 करोड़ पक्के

मुकेश खन्ना ने अपने बयान में चर्चित कहावत का जिक्र करते हुए कहा, “कुत्ते की दुम टेढ़ी की टेढ़ी रहती है.” उनके मुताबिक इस कहावत का इस्तेमाल किसी जानवर के लिए नहीं बल्कि उस मानसिकता के लिए किया जाता है जो आलोचना के बावजूद खुद को नहीं सुधारती.

उन्होंने यह भी कहा कि इतने विरोध और आलोचना के बाद भी वही व्यक्ति आज भी उसी भाषा में छाती ठोककर बोल रहा है, जो समाज के लिए चिंता की बात है. अभिनेता के मुताबिक कुछ लोगों की सोच इतनी जड़ हो जाती है कि वे हर बार वही गलती दोहराते हैं.

“व्यूज क्वालिटी का पैमाना नहीं”

मुकेश खन्ना ने वीडियो की लोकप्रियता और व्यूअरशिप पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि एक दिन के भीतर “वन पॉइंट फाइव मिलियन” व्यूज आना जांच का विषय है. उन्होंने मांग की कि इसकी पड़ताल होनी चाहिए और दर्शकों को भी यह सोचना चाहिए कि वे किस तरह के कंटेंट को बढ़ावा दे रहे हैं.

मुकेश खन्ना ने कहा कि व्यूज किसी कंटेंट की गुणवत्ता का प्रमाण नहीं हैं. उन्होंने यह भी कहा कि यह देश विश्वगुरु बनने की क्षमता रखता है, लेकिन अगर लोग गाली-गलौज और घटिया भाषा को मनोरंजन समझकर देखेंगे, तो यह समाज के लिए शर्मनाक है.

रोस्टिंग और गाली-गलौज पर नाराजगी

अभिनेता ने रोस्टिंग कल्चर को लेकर कहा कि बीयर बार में कुछ दोस्तों के बीच कही गई बात अलग है, लेकिन जब वही बात यूट्यूब या टीवी पर सार्वजनिक मंच से कही जाती है तो वह सिर्फ मजाक नहीं रह जाती, बल्कि एक तरह का आक्षेप और हमला बन जाती है. उन्होंने कहा कि इस तरह की भाषा समाज में नकारात्मकता फैलाती है और परिवार के साथ बैठकर देखे जाने लायक नहीं होती.

शक्तिमान पर टिप्पणी पर भी जवाब

मुकेश खन्ना ने यह भी साफ किया कि वह इसलिए परेशान नहीं हैं कि विवाद में शक्तिमान को घसीटा गया, क्योंकि शक्तिमान की छवि इतनी मजबूत है कि उस पर कोई असर नहीं पड़ सकता. उन्होंने कहा कि सच के खिलाफ बोलने वाला व्यक्ति देर-सवेर खुद गिरता है.

बयान के अंत में समय रैना का नाम लेकर दी चेतावनी

अपने बयान के अंत में मुकेश खन्ना ने सीधे तौर पर समय रैना का नाम लेते हुए कहा, “आई विल वेट व्हेन द एक्शन इज टेकन अगेंस्ट दिस गाय… जिसका नाम है समय रैना. इसके समय को खत्म कीजिए.”

2025 में क्या हुआ था, जिसके बाद समय रैना पर आफत आ गई थी?

दरअसल, समय रैना का नाम बड़े विवादों में तब आया था जब साल 2025 में उनके शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट' का एक एपिसोड भारी बवाल में फंस गया था. शो में कथित तौर पर आपत्तिजनक भाषा और अभद्र मजाक को लेकर सोशल मीडिया पर गुस्सा फूट पड़ा था. मामला इतना बढ़ा कि कई जगहों पर शिकायतें दर्ज कराई गईं और शो को बंद कराने की मांग उठने लगी.

यह भी पढ़ें: कभी विराट कोहली के साथ खेला था क्रिकेट, अब फिल्म स्टार बना ये लड़का, सलमान के साथ दी थी 300 करोड़ की फिल्म

इसी विवाद के बाद कई नामचीन हस्तियों और सामाजिक संगठनों ने भी नाराजगी जाहिर की थी और कहा था कि इस तरह के कार्यक्रम युवाओं और समाज पर गलत असर डाल रहे हैं. मुकेश खन्ना भी उन लोगों में शामिल थे जिन्होंने उस वक्त इस तरह के कंटेंट पर सख्त आपत्ति जताई थी.

अब समय रैना द्वारा नए वीडियो में पुराने विरोधियों का नाम लेने के बाद यह बहस एक बार फिर चर्चा में लौट आई है. वहीं मुकेश खन्ना के ताजा बयान से साफ है कि वह आज भी अपने स्टैंड पर कायम हैं और चाहते हैं कि ऐसे कंटेंट पर सख्त कार्रवाई हो.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Samay Raina New Show, Still Alive Comedy Special, India Got Latent Controversy, Samay Raina Stand Up Comedian, Ranveer Allahbadia Samay Raina
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com