Who is Kartik Sharma Like MS Dhoni, CSK vs DC, IPL 2026: आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की दिल्ली पर शानदार जीत के बाद एक नाम हर तरफ चर्चा में है कार्तिक शर्मा. जब टीम 45 रन पर दो विकेट गंवाकर दबाव में थी, तब इस युवा खिलाड़ी ने संजू सैमसन के साथ मिलकर दिल्ली के गेंदबाजों की लय बिगाड़ दी. मैच के बाद कार्तिक ने खुद खुलासा किया कि बीच मैदान पर संजू सैमसन की किस बात ने उनके खेल को बदल दिया. जीत के बाद कार्तिक शर्मा ने बताया कि जब वह क्रीज पर आए, तो पिच का मिजाज काफी अलग था. गेंद रुककर आ रही थी और स्पिनर्स को टर्न मिल रहा था. ऐसे में संजू सैमसन ने उनके पास आकर बस एक बात कही, जिसने कार्तिक का डर खत्म कर दिया.
कार्तिक के मुताबिक, "संजू भैया ने मुझसे कहा कि यह विकेट धीमी है, हड़बड़ी मत करो. तुम बस अपनी रेंज में रहकर खेलो और जैसा तुम्हें ठीक लगे वैसा करो." संजू की इसी आजादी ने कार्तिक को आत्मविश्वास दिया और उन्होंने 31 गेंदों में 41 रनों की मैच जिताऊ नाबाद पारी खेली.
IPL 2026 में कार्तिक शर्मा का प्रदर्शन
आईपीएल 2026 कार्तिक शर्मा के लिए अब तक काफी शानदार रहा है. उन्होंने इस सीजन में सीएसके के लिए अब तक कुल 7 मैच खेले हैं, जिनकी 7 पारियों में उनके बल्ले से 153 रन निकले हैं. इस दौरान उन्होंने एक बेहतरीन अर्धशतक भी जड़ा है. एक मैच में बनाए गए 54 रन इस सीजन का उनका सर्वोच्च स्कोर है. मुश्किल समय में आकर पारी को संभालना उनकी सबसे बड़ी खूबी बनकर उभरी है.
घरेलू क्रिकेट में भी दमदार है कार्तिक शर्मा का रिकॉर्ड
कार्तिक शर्मा कोई अनजाना नाम नहीं हैं, घरेलू क्रिकेट में उनके आंकड़े उनकी काबिलियत की गवाही देते हैं. उन्होंने अब तक फर्स्ट क्लास के 8 मैचों की 11 पारियों में 43.54 की शानदार औसत से 479 रन बनाए हैं. लिस्ट ए (वनडे) में 9 मैचों की 8 पारियों में 55.62 की जबरदस्त औसत से 445 रन जड़े हैं.वहीं टी20 में 19 मैचों की 18 पारियों में 30.43 की औसत से 487 रन बनाए हैं.
पिच और रणनीति पर क्या बोले कार्तिक?
कार्तिक ने मैच के बाद पिच की मुश्किलों पर बात करते हुए कहा, "पिच स्पिनरों को काफी मदद कर रही थी, लेकिन हमें पता था कि लक्ष्य बड़ा नहीं है, इसलिए हमने समय लिया और अपनी योजना पर टिके रहे." संजू सैमसन के मार्गदर्शन और कार्तिक के इस संयम ने चेन्नई के फैंस को एक बार फिर प्लेऑफ की उम्मीद जगा दी है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं