पूर्व भारतीय क्रिकेट विनोद कांबली लंबे समय से अस्वस्थ है. लेकिन कुछ दिन पहले उनकी सेहत को लेकर गंभीर चिंताएं सामने आईं, जब उनके एक दोस्त ने खुलासा किया कि कांबली के दिमाग में खून का थक्का (क्लॉट) है, जिससे उनकी याददाश्त पर असर पड़ रहा है. हालांकि, अब उनकी पत्नी एंड्रिया हेविट ने इन दावों को झूठा करार दिया है और कहा है कि कोई उनकी सेहत को लेकर गलत जानकारी फैला रहा है. इंडिया टुडे से बात करते हुए विनोद कांबली की पत्नी एंड्रिया हेविट ने कहा,"भगवान की कृपा से विनोद बिल्कुल ठीक हैं. मुझे नहीं पता कि उनकी सेहत को लेकर झूठी खबरें कौन फैला रहा है."
विनोद कांबली के दोस्त और पूर्व फर्स्ट क्लास अंपायर मार्कस काउटो ने बीते दिनों दावा किया था कि पूर्व क्रिकेटर एक गंभीर स्वास्थ्य समस्या से जूझ रहे हैं. काउटो ने द टाइम्स ऑफ इंडिया से कहा था,"करीब 18 महीने पहले जब उन्हें ठाणे में अस्पताल में भर्ती कराया गया था, तभी से कांबली के दिमाग में थक्का जम गया था. उनकी याददाश्त अब ठीक नहीं है. वह बातें याद रखते हैं और फिर भूल जाते हैं. यह सब उस ब्रेन क्लॉट की वजह से है."
उन्होंने आगे कहा,"कांबली ने शराब पीना छोड़ दिया है, लेकिन वे कभी‑कभी धूम्रपान कर लेते हैं. डॉक्टरों ने उन्हें सख्ती से मना किया है, क्योंकि धूम्रपान से उन्हें ब्रेन स्ट्रोक का खतरा हो सकता है. प्रसिद्ध न्यूरोसर्जन डॉ. आदिल चागला उनके इलाज की निगरानी कर रहे हैं."
काउटो ने यह भी बताया,"कांबली की सेहत उस समय ठीक‑ठाक लग रही थी. वह और उनका परिवार अच्छे मूड में थे. अब कांबली चलने के लिए छड़ी का इस्तेमाल करते हैं. उनके बेटे क्रिस्टियानो क्रिकेटर बनना चाहते हैं. मैंने जतिन पारंजपे से अनुरोध किया कि वे उन्हें अपनी क्रिकेट अकादमी में शामिल करें और उन्होंने तुरंत हामी भर दी. जतिन कांबली के बेटे से कोई फीस नहीं लेंगे."
यह भी रिपोर्ट किया गया है कि कांबली के करीबी दोस्तों ने उनके लिए एक सपोर्ट सिस्टम बनाया है, जिसमें क्रिकेट जगत के कई लोग उनकी आर्थिक मदद के लिए आगे आए हैं. मार्कस काउटो की अगुवाई में एक व्हाट्सऐप ग्रुप बनाया गया, जिसके जरिए कांबली के शुभचिंतकों को एकजुट किया गया और उनके इलाज के लिए फंड जुटाया गया. इस ग्रुप में कांबली के बचपन के दोस्त और दिग्गज क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर भी शामिल हैं.
यह भी पढ़ें: Vaibhav Sooryavanshi: वैभव सूर्यवंशी इस 'दमदार पावर प्लान' से विरोधी टीम को कर रहे ध्वस्त
यह भी पढ़ें: वीडियो वायरल- वाह सरपंच! श्रेयस का कैच, मेरे लाइव देखे गए बेस्ट कैचों में से एक- सचिन तेंदुलकर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं