बिहार के समस्तीपुर के 15 साल 99 दिन के राजधानी एक्सप्रेस वैभव सूर्यवंशी ने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में धमाकेदार एंट्री की है. उहोंने भारत के लेजेन्ड सचिन तेंदुलकर का साढ़े तीन दशक पुराना रिकॉर्ड तो तोड़ा ही है. उनके टैलेंट को देखकर उनकी तुलना अभी से ही सचिन और सर डॉन ब्रैडमैन से होने लगी है. वैभव दुनिया के उन ख़ास चुनिंदा छोटे उस्तादों की एलीट लिस्ट का हिस्सा हैं जिन्होंने वर्ल्ड क्रिकेट में आगे चलकर अपना सिक्का भी जमाया.
भारतीय टीम मैनेजमेंट कहती रही कि 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को सही वक्त आने पर ही मौक़ा मिलेगा. मगर पब्लिक की बहुत ही जोरदार डिमांड पर ये आंखमिचौली मैनचेस्टर में ही ख़त्म हो गई. तिलक वर्मा ने वैभव सूर्यवंशी की नंबर 03 की जर्सी पर कैप नंबर 122 का सम्मान चढ़ाया और वैभव ने सचिन का 36 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया.

Photo Credit: PTI
15 साल और 99 दिन के वैभव ने मैनचेस्टर में डेब्यू किया और सचिन तेंदुलकर के 16 साल 205 दिनों में भारत के लिए खेलने के रिकॉर्ड से आगे निकल गए. सचिन ने ये कारनामा पाकिस्तान के ख़िलाफ़ 1989 में किया था. शुरुआत में ही उनकी नाक पर गेंद लगी. खून बहने लगा. मगर सचिन ने कहा, “मैं खेलेगा.” और क्या खूब खेले. ढाई दशक तक भारतीय क्रिकेट की धड़कन और वर्ल्ड क्रिकेट की शान बने रहे.
फिर वैभव ने अपने डेब्यू से पहले ही वर्ल्ड क्रिकेट में ऐसा नाम कमाया कि उनके डेब्यू को लेकर बेताबियां बढ़ गईं. सोशल मीडिया के ज़माने में उनका क्रेज़ भी हद से ज़्यादा है. लेकिन वर्ल्ड क्रिकेट में पुरुषों में ये रिकॉर्ड पाकिस्तान के हसन रज़ा के नाम है जिन्होंने 1996 में 14 साल की उम्र में ज़िम्बाब्वे के ख़िलाफ़ पाकिस्तान के लिए पहला टेस्ट खेला.

वहीं, महिला क्रिकेट में पाकिस्तान की सज्जिदा शाह ने तो सिर्फ़ 12 साल 171 दिनों में पाकिस्तान की नुमाइंदगी कर ली. भारतीय महिला क्रिकेट में भी सबसे कम उम्र में डेब्यू का एक लाजवाब रिकॉर्ड है जो हरियाणा की ताबड़तोड़ बैटिंग करने वाली लेडी सहवाग- शेफाली वर्मा ने बनाया है. शेफाली वर्मा ने 2019 में भारत के लिए 15 साल, 7 महीने 27 दिन की उम्र में टी-20 में ही डेब्यू किया था. वैसे सबसे युवा क्रिकेटर के तौर पर निया ग्रेग ने 2019 में ही 11 साल 40 दिन की उम्र में जर्सी के लिए फ़्रांस के ख़िलाफ़ डेब्यू कर सबको हैरान कर दिया था.
दक्षिण अफ़्रीका के लिए क्वेना मपहाका Kwena Maphaka ने 2 साल पहले 18 साल 270 दिनों में डेब्यू किया, जबकि, ऑस्ट्रेलिया के लिए इयन क्रेग ने 17 साल 239 दिनों में 1952-53 में डेब्यू किया था. इंग्लैंड के लिए रेहान अहमद ने 18 साल 126 दिनों में पाकिस्तान के ख़िलाप़ 2022-23 में डेब्यू किया था.
न्यूज़ीलैंड के कप्तान बने डेनियल विटोरी ने 18 साल 10 दिन की उम्र में 30 साल पहले इंग्लैंड के ख़िलाफ़ सबसे युवा क्रिकेटर के तौर पर अपना पहला मैच खेला. विंडीज़ के लिए JED सीलि और गैरी सोबर्स ने 17 साल 122 और 17 साल 245 दिनों में डेब्यू कर धूम मचाई थी.
वैभव ने 15 साल 99 दिन में डेब्यू करने से पहले ही इन सभी दिग्गजों से ज़्यादा धूम मचाई है. इसमें कोई शक नहीं कि उनमें आने वाले दो दशक तक क्रिकेट की दुनिया पर राज़ करने का माद्दा दिखता है. समस्तीपुर से राजधानी एक्सप्रेस ने रफ़्तार पकड़ ली है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं