पिछले कुछ दिनों से चली आ रही खबरों पर BCCI ने मुहर लगानी शुरू कर दी है. आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे में भारतीय टीम के खराब प्रदर्शन की गाज अब सपोर्ट स्टॉफ के सदस्यों पर गिरी है. मंगलवार को सहायक कोच रेयान टेन डोशेट के इस्तीफा देने के बाद बोर्ड ने समीक्षा करने के बाद फील्डिंग कोच टी. दिलीप की भी छुट्टी कर कर दी है. बोर्ड सचिव देवजीत सैकिया ने कहा, 'हम रेयान और टी. दिलीप में से किसी के भी अनुबंध को आगे नहीं बढ़ा रहे हैं.' सैकिया की पुष्टि करने से पहले रेयान टेन के इस्तीफा देने की खबर आई थी. हॉलैंड के पूर्व क्रिकेटर और केकेआर की आईपीएल खिताब दो बार जीतने वाली टीम के सदस्य रेयान अब फिर से केकेआर के स्टाफ के साथ जुड़ गए हैं. अब सचिन के पुष्टि करने के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि श्रीलंका दौरे के लिए अब मुख्य कोच गौतम गंभीर के दो 'नए साथी' कौन होंगे?
बीसीसीआई श्रीलंका दौरे के लिए एक नए फील्डिंग कोच के नाम की घोषणा करेगा. हालांकि सैकिया ने कहा कि "दो या तीन नामों पर चर्चा हो रही है.' समझा जाता है कि पूर्व भारतीय महिला टीम और इंडिया-ए टीम के सपोर्ट स्टाफ रहे शुभदीप घोष, टी दिलीप और टेन डोएशेट की जगह लेने की दौड़ में सबसे आगे हैं. बीसीसीआई सचिव सैकिया ने बताया, 'भारतीय पुरुष टीम के साथ सहायक कोच रयान टेन डोएशेट का दो साल का अनुबंध 10 जून को समाप्त हो गया. फील्डिंग कोच टी दिलीप, जिन्हें मूल कार्यकाल समाप्त होने के बाद एक साल का विस्तार दिया गया था, उनका अनुबंध भी 8 जून को समाप्त हो गया था.'
रेयान से किया वादा बोर्ड ने नहीं निभाया
सचिव ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा, 'बीसीसीआई ने भारत के यूके (UK) दौरे के अंत तक दोनों को बनाए रखा. हालांकि, बीसीसीआई उन्हें कोई विस्तार नहीं दे रहा है. ऐसे में इस्तीफा स्वीकार करने का सवाल ही नहीं उठता क्योंकि उनका अनुबंध समाप्त हो चुका है.' बता दें कि टेन डोशेट भी पद छोड़ना चाहते थे क्योंकि जब उन्हें गौतम गंभीर के कहने पर टीम के साथ जोड़ा गया था, तो उनसे फील्डिंग कोच की भूमिका का वादा किया गया था, लेकिन पिछले दो वर्षों में उन्हें कोई विशिष्ट भूमिका नहीं दी गई थी. वहीं, टी. दिलीप के मामले में साल 2025 में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले उन्हें एक साल का विस्तार एक वरिष्ठ सुपरस्टार खिलाड़ी के कहने पर मिला था, लेकिन उनके प्रदर्शन से कोई खुश नहीं था. हाल ही में यूके के सफेद गेंद (व्हाइट-बॉल) दौरे के दौरान खराब प्रदर्शन के बाद उन्हें कोई और विस्तार मिलना एक चमत्कार ही होता.
सैकिया ने नाम का खुलासा किए बिना कहा, 'हम फिलहाल दो से तीन नामों से बातचीत कर रहे हैं और एक-दो दिन में विवरण तय होने की उम्मीद है. श्रीलंका दौरे के लिए भारत के पास एक नया फील्डिंग कोच होगा.' हालांकि, असम के शुभदीप घोष, जो एनसीए (NCA) में राहुल द्रविड़ के समय से पिछले छह-सात वर्षों से भारतीय क्रिकेट प्रणाली का हिस्सा रहे हैं. और इस समय इस पद के लिए सबसे पसंदीदा दावेदार हैं.
टी. दिलीप पर इस वजह से गिरी गाज
आयरलैंड दौरे में भारतीय टीम के क्षेत्ररक्षण का स्तर काफी नीचे रहा था, जहां दोनों मैचों में कैच छूटने और ग्राउंड फील्डिंग में गलतियों के कारण आयरलैंड को वापसी करने का मौका मिला. वहीं, इंग्लैंड के खिलाफ 5 टी20 और 3 वनडे मैचों की सीरीज में भारतीय क्षेत्ररक्षकों ने विशेष रूप से बाउंड्री लाइन और इन-फील्ड में कई आसान मौके गंवाए. इससे इंग्लैंड को बोर्ड पर बड़े स्कोर (जैसे टी20I में 257 और वनडे में 387) बनाने में मदद मिली. इसी लगातार खराब फील्डिंग प्रदर्शन के चलते बीसीसीआई और टीम प्रबंधन ने फील्डिंग कोच टी दिलीप के अनुबंध को आगे न बढ़ाने का फैसला किया
मॉर्न मॉर्कल का क्या होगा?
वैसे इंग्लैंड दौरे में हार के बाद जब रेयान ने अपना अनुबंध आगे न बढ़ाने की बात कही थी, तो उस समय बॉलिंग कोच मॉर्न मॉर्कल ने भी कुछ ऐसी ही इच्छा जाहिर की थी. इसके बाद BCCI के अधिकारी दोनों के संपर्क में थे. बहरहाल, मॉर्न मॉर्कल को लेकर सवाल अभी भी बरकरार है कि क्या वह गंभीर के साथी बने रहेंगे, या जल्द ही उनके नाम की भी बोर्ड घोषणा करने जा रहा है?
यह भी पढ़ें: टीम इंडिया के सहायक कोच रयान टेन डोशेट ने पद से दिया इस्तीफा, अब इस टीम के साथ जुड़ेंगे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं