Gavaskar's key appeal to BCCI: अब जबकि अगले महीने भारतीय क्रिकेट के घरेलू सत्र का आगाज होने को है, तो भारतीय दिग्गज सुनील गावस्कर ने बीसीसीआई से बाउंड्री का आकार बढ़ाने की अपील की है. महान सनी ने इस वजह के पीछे डिटेल कारण बताते हुए साथ ही बल्लेबाजों से स्मार्ट क्रिकेट खेलने की अपील भी की है. दरअसल अगला वनडे विश्व कप दक्षिण अफ्रीका, नामीबिया और जिम्बाब्वे में आयोजित होगा, जबकि उसके अगले साल टी20 विश्व कप ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में खेला जाएगा. इन देशों में बाउंड्री का आकार उन परिस्थितियों से बड़ा होगा, जिनकी भारतीय टीम को घरेलू मैदानों पर आदत रहती है. इसी को ध्यान में रखते हुए पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर ने बीसीसीआई से घरेलू सीजन की शुरुआत में ही बाउंड्री का दायरा बढ़ाने का आग्रह किया है.
स्पोर्टस्टार के अपने कॉलम में गावस्कर ने लिखा, 'जब नया भारतीय सत्र शुरू हो, तो बाउंड्री का आकार बढ़ाना बेहद ज़रूरी है ताकि हमारे बल्लेबाज़ अगले साल होने वाले विश्व कप से पहले इसके अभ्यस्त हो सकें. लगभग हर मैदान पर एलईडी विज्ञापन बोर्डों के पीछे लोगों के चलने के लिए काफी जगह होती है. इससे साफ पता चलता है कि अगर इस जगह का इस्तेमाल किया जाए, तो बाउंड्री का आकार अपने आप बढ़ जाएगा.' गावस्कर ने यह भी कहा कि वनडे (50-ओवर) प्रारूप में बल्लेबाजों का दृष्टिकोण अलग होना चाहिए.
'स्मार्ट क्रिकेट खेलना बहुत जरूरी'
उन्होंने आगे लिखा, 'स्मार्ट क्रिकेट खेलना बेहद ज़रूरी है. यह पहचानें कि किस गेंदबाज पर बेवजह काउंटर-अटैक (आक्रामक शॉट) करने की जरूरत नहीं है. फिर उन गेंदबाजों को निशाना बनाएं जिनके खिलाफ आप किसी अच्छे गेंदबाज के कसे हुए ओवर की भरपाई कर सकें. दुनिया की किसी भी टीम में पांच शीर्ष गेंदबाज नहीं होते और T20 मैच में हमेशा 8 से 12 ओवर ऐसे होते हैं जहां खुलकर रन बटोरे जा सकते हैं. इसी तरह, 50-ओवर के प्रारूप में 380 से अधिक जैसे बड़े लक्ष्य का पीछा करते समय भी थोड़ा धैर्य रखने में कोई बुराई नहीं है.'
शॉट का चयन बहुत महत्वपूर्ण
गावस्कर ने कहा, 'शॉट का चयन बहुत महत्वपूर्ण है और यहां बल्लेबाज को अपने अहंकार पर काबू रखना होगा और किसी बनी-बनाई छवि पर जीने की कोशिश करने के बजाय गेंद की योग्यता के हिसाब से खेलना होगा. हां अल्ट्रा-शॉर्ट फॉर्मेट (टी20) में ऐसा करना आसान नहीं है क्योंकि हर दूसरी गेंद पर बड़े शॉट्स की जरूरत होती है, लेकिन वनडे फॉर्मेट अलग है, जहां बड़े शॉट लगाने से पहले खुद को सेट करने का थोड़ा समय मिलता है.'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं