खेले जा रहे T20 World Cup 2026 में ऑस्ट्रेलिया के ग्रुप स्टेज से बाहर होने की खबरें भी दबी भी नहीं हैं कि इस टीम को एक और झटके की खबर आ रही है. और इसके अनुसार अब कंगारुओं का साल 2028 में लॉस एंजिल्स में होने वाले ओलिंपिक खेलों के लिए क्वालिफाई करना खटाई में पड़ता नजर आ रहा है. ओलंपिक के इस संस्करण से क्रिकेट की ऐतिहासिक वापसी होनी है. वर्ल्ड कप के आगाज से पहले पूर्व चैंपियन को हर वर्ग ने फाइनलिस्ट की सबसे प्रबल दावेदार माना था, लेकिन जिंबाब्वे के खिलाफ मिली हार उसके वर्ल्ड कप से बोरिया-बिस्टर समेटने का सबब बन गई. और यह हार कंगारुओं के वर्ल्ड कप से तो बाहर होने की वजह बनी, अब जिंबाब्वे से पिटने ने ऑस्ट्रेलियाई टीम के 2028 ओलिंपिक भागीदारी पर भी तलवार लटका दी है.
ऑस्ट्रेलिया की ओलिंपिक भागीदारी पर रिपोर्ट लिखने वाले इसी देश के एक पत्रकार फ़िलिप पोप ने कहा, 'अगर ऑस्ट्रेलियाई टीम ओलिंपिक 2028 खेलों के लिए क्वालिफाई करने में नाकाम रहती है, तो हममें से जिन्होंने बीस वर्षों तक कठिन परिस्थितियों में एक सदी से भी अधिक समय बाद क्रिकेट को फिर से ओलिंपिक कार्यक्रम में शामिल कराने की कोशिश की, उनके लिए यह एक महान स्तर की कुप्रबंधन की तरह होगा.' वजह यह है कि रैंकिंग कट‑ऑफ इस टूर्नामेंट की अंतिम स्थिति से जुड़ा हुआ है. और ऑस्ट्रेलिया के और अंक हासिल न कर पाने से एक समय सुनिश्चित मानी जा रही क्वालिफिकेशन अब एक बेचैन प्रतीक्षा में बदल गई है.'
ऑस्ट्रेलिया की मुसीबत, न्यूजीलैंड की चांदी
वास्तव में ऑस्ट्रेलिया के 2028 ओलिंपिक क्वालिफिकेशन में एक नाटकीय मोड़ आ गया है. कंगारुओं की मुसीबत अब न्यूजीलैंड का दरवाजा खोलती दिख रही है क्योंकि ओशियाना क्षेत्र से ओलंपिक क्वालीफिकेशन के लिए इन्हीं दोनों देशों के बीच जोरदार मुकाबला है. रिपोर्ट के अनुसार, रैंकिंग कैलकुलेशन बताते हैं कि यदि ब्लैककैप्स यानी न्यूजीलैंड अगर खेले जा रहे टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल या उससे आगे तक पहुँचते हैं, तो वे संभवतः अंकतालिका में ऑस्ट्रेलिया को पछाड़कर सीधे ओलिंपिक टिकट हासिल कर लेंगे.
फिर यह विकल्प बचेगा कंगारुओं के पास
इस स्थिति में ऑस्ट्रेलिया को बेहद कड़ी मुकाबले वाले वैश्विक क्वालिफिकेशन टूर्नामेंट से गुजरना पड़ सकता है. ऐसे में उसे दूसरी क्षेत्रीय उपविजेता टीमों के खिलाफ लॉस एंजेलिस ओलिंपिक के अंतिम बचे एकमात्र स्लॉट के लिए लड़ना होगा. यह स्थिति स्टीव स्मिथ के लिए विशेष रूप से निराशाजनक है. हाल ही में उन्होंने कहा था 'मेरा मुख्य लक्ष्य टीम में जगह बनाना है, जब ओलिंपिक आए. वह काफी शानदार होगा.' लेकिन अब स्टीव स्मिथ का सपना डूबता दिखाई पड़ रहा है. कंगारू अब दुआ कर रहे होंगे कि न्यूजीलैंड अंतिम चार या फाइनल में न ही पहुंचे. लेकिन अगर कीवी इस राउंड में पहुंच गए, तो फिर ऑस्ट्रेलिया के लिए बहुत ही ज्यादा मुश्किल हो जाएगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं