पूर्व कप्तान सौरव गांगुली (Sourav Ganguly) को बुधवार (आठ जुलाई) को उनके 54वें जन्मदिन पर एक शानदार तोहफा मिला जब एडिनबर्ग में हुई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) की सालाना बैठक में लिए गए फैसले के बाद वह आईसीसी हॉल ऑफ फेम में शामिल होने वाले नवीनतम भारतीय क्रिकेटर बन गए. गांगुली के शामिल होने के साथ ही आईसीसी हॉल ऑफ फेम में भारतीय क्रिकेटरों की संख्या 12 हो गई.
इस सम्मान के लिए आईसीसी का आभार जताते हुए गांगुली ने अंतरराष्ट्रीय संस्था के चेयरमैन जय शाह को धन्यवाद दिया और इस पहचान को ‘बहुत बड़ा सम्मान' बताया. बाएं हाथ के बल्लेबाज गांगुली ने दुनिया भर से मिली शुभकामनाओं के बीच अपना जन्मदिन मनाया.
गांगुली ने ‘एक्स' पर लिखा, 'मुझे हॉल ऑफ फेम में शामिल करने के लिए आईसीसी और चेयरमैन जय शाह का धन्यवाद... यह बहुत बड़ा सम्मान है... हॉल ऑफ फेम में शामिल होने वाले 10 भारतीयों में से एक बनना... कुछ महान नामों का हिस्सा बनना अद्भुत है.'
गांगुली ने नवंबर 2008 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपना आखिरी टेस्ट खेलने के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था. आईसीसी हॉल ऑफ फेम में शामिल अन्य भारतीय बिशन सिंह बेदी, सुनील गावस्कर, कपिल देव, अनिल कुंबले, राहुल द्रविड़, सचिन तेंदुलकर, वीनू मांकड़, डायना इडुलजी, वीरेंद्र सहवाग, नीतू डेविड और महेंद्र सिंह धोनी हैं.
भारतीय क्रिकेट में गांगुली का सबसे बड़ा योगदान 2000 से 2005 के बीच कप्तान के तौर पर उनके कार्यकाल के दौरान रहा जब उन्होंने मैच फिक्सिंग संकट के बाद टीम को फिर से खड़ा किया.
गांगुली ने 113 टेस्ट मैच खेले और 7,212 रन बनाए. साथ ही उन्होंने 311 एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 11,363 रन बनाए.
खेल से संन्यास लेने के बाद गांगुली क्रिकेट प्रशासन में आ गए और भारतीय क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष बने. उन्होंने 23 अक्टूबर 2019 को पद संभाला और 18 अक्टूबर 2022 तक भारतीय क्रिकेट की कमान संभाली. वह अभी बंगाल क्रिकेट संघ के अध्यक्ष हैं.
यह भी पढ़ें- लॉर्ड्स टेस्ट का अमोल मजूमदार को क्यों है बेसब्री से इंतजार? सुने उन्हीं की जुबानी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं