भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने पहले वनडे में इंग्लैंड पर छह विकेट की जीत के बाद मध्यक्रम के बल्लेबाजों की जमकर सराहना करते हुए कहा कि दबाव की स्थिति में मैच जिताना कप्तान के रूप में उनका आत्मविश्वास बढ़ाता है. जीत के लिए 259 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत का स्कोर एक समय चार विकेट पर 160 रन था. इसके बाद वाशिंगटन सुंदर (नाबाद 52) और अक्षर पटेल (नाबाद 57) ने पांचवें विकेट के लिए अटूट 102 रन की साझेदारी कर टीम को जीत दिलाई.
मैच के बाद गिल ने पुरस्कार समारोह में कहा, 'हम पर दबाव था, लेकिन जिस तरह हमने वापसी की, वह अहम रही. जब आपके मध्यक्रम और निचले मध्यक्रम के बल्लेबाज रन बनाकर मैच खत्म करते हैं तो कप्तान के तौर पर काफी भरोसा मिलता है.' उन्होंने संकेत दिए कि अगले साल दक्षिण अफ्रीका में होने वाले वनडे विश्व कप से पहले टीम प्रबंधन विभिन्न संयोजनों को आजमाता रहेगा.
गिल ने कहा, 'हम अलग-अलग संयोजनों को आजमाएंगे और देखेंगे कि कौन-सा संयोजन बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में सबसे बेहतर संतुलन देता है. यहां की परिस्थितियां दक्षिण अफ्रीका जैसी थीं. गेंद उछाल ले रही थी और रन बनाना आसान नहीं था. बाद में विकेट बल्लेबाजी के लिए बेहतर हो गया.'
‘प्लेयर ऑफ द मैच' अक्षर पटेल ने कहा कि उन्होंने विकेट को निशाना बनाकर गेंदबाजी की रणनीति अपनाई, जिसका उन्हें फायदा मिला. उन्होंने कहा, 'आज अपने प्रदर्शन से बहुत खुश हूं. मैंने गति में बदलाव करने और ‘स्टंप-टू-स्टंप' गेंदबाजी करने की योजना बनाई थी. वही किया और चार विकेट मिल गए.'
बल्लेबाजी पर अक्षर ने कहा, 'वाशिंगटन के साथ हमारी कोशिश स्ट्राइक रोटेट करने और साझेदारी बनाकर मैच खत्म करने की थी. जब मैं बल्लेबाजी के लिए आया तो वाशी पहले से मौजूद थे. हमारा लक्ष्य साझेदारी बनाकर टीम को जीत दिलाना था.'
इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने मध्य ओवरों में टीम के बल्लेबाजी प्रदर्शन को हार की बड़ी वजह बताया. उन्होंने कहा, 'मध्य ओवरों में 20 रन के भीतर पांच विकेट गंवाना बिल्कुल भी आदर्श स्थिति नहीं थी. गेंदबाजों ने वापसी की कोशिश की, लेकिन इतना बड़ा झटका झेलने के बाद मुश्किल हो गई.'
यह भी पढ़ें- धोनी, साक्षी, कृति सेनन और उनके बॉयफ्रेंड ने एजबेस्टन में उठाया मैच का लुत्फ, आपने देखा?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं